कमजोर कारोबार के बीच मसूर बाजार में स्थिरता
18-Dec-2025 03:41 PM
रेगिना। खरीदारों एवं विक्रेताओं की सक्रियता घटने से पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मसूर का करोबार सीमित हुआ और कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल देखा गया। पिछले सप्ताह की तुलना में चालू सप्ताह के दौरान नम्बर 2 ग्रेड की मोटी हरी मसूर का भाव गिरकर नीचे में 25 सेंट प्रति पौंड दर्ज किया गया।
इसी तरह नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का दाम भी फिसलकर 20-22 सेंट प्रति पौंड पर आ गया। जहां तक लाल मसूर का सवाल है तो उसका एफओबी मूल्य 21 सेंट एवं डिलीवरी मूल्य 22.8 सेंट प्रति पौंड रहा। स्पेशल ग्रेड तथा फ्रेंच हरी मसूर में अत्यन्त सीमित कारोबार हुआ। खरीदारों की दिलचस्पी इसमें कम रही।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक अगले कुछ सप्ताहों तक मसूर की कीमतों में नरमी या स्थिरता का माहौल बरकरार रहने की संभावना है।
भारत में बिजाई का सीजन खत्म होने तथा उत्पादन की तस्वीर स्पष्ट होने के बाद ही मसूर बाजार की दशा एवं दिशा में कुछ बदलाव हो सकता है।
ऑस्ट्रेलिया में मसूर का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है और यह भारत सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों में अपने उत्पाद का निर्यात आक्रामक ढंग से करने का जोरदार प्रयास कर रहा है जिससे कनाडा के निर्यातकों को उसकी सख्त चुनौती और कठिन प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
कनाडा में अगले साल अप्रैल से मसूर की बिजाई शुरू होगी जबकि ऑस्ट्रेलिया में मई जून में इसकी शुरुआत होगी। भारत में मसूर बिजाई क्षेत्र गत वर्ष के बराबर ही चल रहा है और मार्च अप्रैल में नई फसल तैयार होकर मंडियों में आने लगेगी।
