कनाडा में विभिन्न फसलों के उत्पादन में कमी- वृद्धि

05-Dec-2025 01:57 PM

ओटावा। बिजाई क्षेत्र, मौसम एवं औसत उपज दर के आधार पर सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने चालू वर्ष के दौरान विभिन्न फसलों के उत्पादन का जो नवीनतम अनुमान व्यक्त किया है उससे पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले वहां कैनोला, काबुली चना, मसूर एवं गेहूं की पैदावार में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है जबकि मक्का एवं सोयाबीन के उत्पादन में गिरावट आई है। 

स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान कनाडा में कैनोला का उत्पादन 192.42 लाख टन से उछलकर 218 लाख टन, काबुली चना का उत्पादन 2.86 लाख टन से सुधरकर 4.80 लाख टन, मसूर का उत्पादन 24.30 लाख टन से बढ़कर 33.63 लाख टन तथा गेहूं का उत्पादन 359.40 लाख टन से उछलकर 399.54 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया।

कैनोला, काबुली चना एवं गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। दूसरी ओर इसी अवधि के दौरान मक्का का उत्पादन 148.70 लाख टन तथा सोयाबीन का उत्पादन 67.93 लाख टन रह गया जबकि पिछले साल उत्पादन क्रमश: 153 लाख टन एवं 75.60 लाख टन दर्ज किया गया था। मटर के उत्पादन में भी वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। 

इससे पूर्व कनाडा में वर्ष 2023 के दौरान 194.60 लाख टन कैनोला, 1.60 लाख टन काबुली चना, 154 लाख टन मक्का, 18 लाख टन मसूर, 69.80 लाख टन सोयाबीन तथा 334.13 लाख टन गेहूं का उत्पादन हुआ था।

उपरोक्त तमाम फसलों की कटाई-तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है और इसका नियमित रूप से कारोबार भी हो रहा है। 

कनाडा में जौ, सरसों, अलसी एवं जई सहित कई अन्य फसलों की खेती भी होती है मगर इसका उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता है। इन फसलों की नई बिजाई अगले साल अप्रैल में आरंभ होगी जबकि अगस्त- 2026 से कटाई-तैयारी शुरू हो जाएगी।