कनाडा से चालू सीजन में 21 लाख टन मसूर का निर्यात होने का अनुमान
22-Jan-2026 03:45 PM
वैंकुवर। दुनिया में मसूर के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- कनाडा में 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान इस महत्वपूर्ण दलहन के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है और इसका निर्यात प्रदर्शन भी बेहतर चल रहा है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चालू मार्केटिंग सीजन की पहली तिमाही में यानी अगस्त-अक्टूबर 2025 के दौरान कनाडा से मसूर का कुल निर्यात सुधरकर 5.90 लाख टन पर पहुंच गया
जो वर्ष 2024 की समान अवधि के शिपमेंट से 5 प्रतिशत अधिक रहा। इसमें से 2.20 लाख टन का निर्यात भारत को किया गया। इसके अलावा तुर्की तथा संयुक्त अरब अमीरात को भी अच्छी मात्रा में मसूर भेजी गई।
कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा से मसूर का सकल निर्यात बढ़कर 21 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है बेहतर उत्पादन एवं ऊंचे बकाया स्टॉक के कारण चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा में मसूर की कुल उपलब्धता बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है
जो गत सीजन की तुलना में कम से कम 12 लाख टन अधिक है। इसके अनुरूप निर्यात एवं घरेलू उपयोग नहीं होने पर 2025-26 सीजन के अंत में वहां मसूर का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
आपूर्ति एवं उपलब्धता की अधिकता के कारण मसूर की कीमतों पर दबाव कायम रहने की संभावना है। कृषि मंत्रालय के अनुसार 2024-25 सीजन की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान कनाडा में मसूर का औसत मूल्य करीब 35 प्रतिशत नीचे आकर 510 डॉलर प्रति टन के आसपास रह सकता है।
नम्बर 1 श्रेणी की मोटी हरी मटर का औसत मूल्य नम्बर 1 ग्रेड की लाल मसूर के मूल्य से करीब 95 डॉलर प्रति टन ऊंचा रहने की संभावना है। लाल मसूर का निर्यात प्रदर्शन अच्छा रह सकता है।
अमरीका में इस बार मसूर का उत्पादन 2024-25 सीजन की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़कर 5.80 लाख टन के करीब पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।
इसके फलस्वरूप कनाडा से अमरीका को मसूर का निर्यात घटकर 70 हजार टन के आसपास अटक जाने की संभावना है। कनाडा का ध्यान भारत पर केन्द्रित है।
