कनाडाई काबुली चना बाजार में विशेष हलचल नहीं

18-Dec-2025 06:00 PM

विनीपेग। कनाडा की प्रमुख मंडियों में पिछले सप्ताह की भांति चालू सप्ताह के दौरान भी अत्यन्त सीमित कारोबार हो रहा है और वहां खरीदारों एवं विक्रेताओं की कोई विशेष सक्रियता नहीं देखी जा रही है।

समीक्षकों का कहना है कि यह कोई हैरानी की बात नहीं है। दरअसल कनाडा में पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान काबुली चना के उत्पादन में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है इसलिए खरीदारों को माल प्राप्त करने की कोई खास चिंता नहीं है और इसलिए वे कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं। 

रिकॉर्ड उत्पादन एवं सीमित कारोबार के कारण वहां काबुली चना की कीमतों पर काफी दबाव देखा जा रहा है। हालांकि कनाडा में काबुली चना की उत्पादकता एवं पैदावार में शानदार बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन फसल कटाई के समय हुई बेमौसमी वर्षा के कारण इसकी क्वालिटी काफी हद तक प्रभावित हो गई।

मोटे अनुमान के अनुसार कनाडा में केवल 58 प्रतिशत काबुली चना को अच्छी क्वालिटी का आंका गया है जबकि शेष 42 प्रतिशत को हल्की क्वालिटी या सैम्पल ग्रेड का माना जा रहा है । 

काबुली चना का भाव कनाडा के घरेलू बाजार में लगभग स्थिर और वैश्विक बाजार में मिश्रित देखा जा रहा है जबकि धारणा नरमी की बनी हुई है।

इससे कमजोर मांग का स्पष्ट संकेत मिलता है। ऑस्ट्रेलिया में देसी चना का भारी उत्पादन हुआ है और भारत में चना का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से आगे चल रहा है।