कर्नाटक में 1.01 लाख टन चना की खरीद को मंजूरी

23-Jan-2026 11:18 AM

मैसूर। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने 2026-27 के रबी मार्केटिंग सीजन में दक्षिणी प्रान्त - कर्नाटक में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 1.013 लाख टन चना की खरीद करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है जिससे उत्पादकों को राहत मिलेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री के अनुसार कर्नाटक में 2026-27 सीजन के दौरान 595.37 करोड़ रुपए मूल्य के 1.013 लाख टन चना की खरीद के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है।

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने 2026-27 के रबी मार्केटिंग सीजन के लिए चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5875 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। कृषि मंत्री ने कर्नाटक सरकार से कहा है कि चना की पूरी स्वीकृत मात्रा की खरीद सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को मूल्य समर्थन योजना का पूरा लाभ मिल सके। उनका कहना था कि राज्य सरकार 2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में तुवर की सम्पूर्ण स्वीकृत मात्रा की खरीद करने में सफल नहीं हो सकी।

कर्नाटक में 2024-25 सीजन के दौरान 3 लाख टन तुवर की खरीद की मंजूरी दी गयी थी जबकि वास्तविक खरीद 2.16 लाख टन तक ही पहुंच सकी। मालूम हो कि कर्नाटक तुवर का एक अग्रणी उत्पादक राज्य है इसी तरह कर्नाटक में 2025-26 सीजन के दौअर्ण जब तोतापुरी आम का भाव घटकर काफी नीचे आ गया था तब वहां बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत इसके 2.50 लाख टन की खरीद करने की अनुमति दी गयी थी लेकिन राज्य सरकार केवल 1.37 लाख टन की ही खरीद कर सकी।

राष्ट्रीय स्तर पर चना का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष के 91.22 लाख हेक्टेयर से 5 प्रतिशत बढ़कर इस बार 95.87 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। इस बार राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं कर्नाटक में चना के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी हुई है जबकि माहराष्ट्र में क्षेत्रफल घट गया है।