खाद्य तेलों के आयात में गिरावट का सिलसिला अप्रैल में भी बरकरार

15-May-2025 01:44 PM

मुम्बई। एक अग्रणी उद्योग संगठन- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) की नवीनतम मासिक रिपोर्ट से पता चलता है कि अप्रैल 2025 के दौरान देश में कुल 8,62,558 टन खाद्य तेल का आयात हुआ जिसमें 75,962 टन रिकॉर्ड तेल तथा 7,86,596 टन क्रूड तेल की मात्रा शामिल थी।

इससे पूर्व मार्च में 9,70,602 टन तथा फरवरी में 8,85,561 टन खाद्य तेलों का आयात हुआ था जबकि नवम्बर 2024 से जनवरी 2025 के दौरान प्रत्येक माह आयात की मात्रा 10 लाख टन से ऊपर रही थी।

पिछले तीन महीनों के दौरान कम मात्रा में माल मंगाए जाने से चालू मार्केटिंग सीजन की पहली छमाही में यानी नवम्बर 2024 से अप्रैल 2025 के दौरान खाद्य तेलों का सकल आयात घटकर 65,02,235 टन पर अटक गया जो 2023-24 सीजन की समान अवधि के आयात 70,69,641 टन से काफी कम था। इसका प्रमुख कारण पाम तेल केआयात में जोरदार गिरावट आना रहा। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान रिफाइंड खाद्य तेल (आरबीडी पामोलीन) का आयात 10.11 लाख टन से घटकर 7.39 लाख टन तथा क्रूड खाद्य तेलों का आयात 60.59 लाख टन से गिरकर 57.63 लाख टन रह गया।

पिछले कुछ महीनों से अपेक्षित आयात नहीं होने के कारण देश में खाद्य तेलों का स्टॉक घटकर काफी नीचे आ गया। एसोसिएशन के अनुसार 1 मई 2025 को भारतीय बंदरगाहों पर 7 लाख टन तथा पाइप लाइन में 6.51 लाख टन के साथ कुछ 13.51 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद था जो 1 अप्रैल के स्टॉक 16.66 लाख टन तथा 1 मई 2024 को उपलब्ध स्टॉक 23.24 लाख टन से काफी कम था। पाम तेल के ऊंचे भाव के कारण भारत में जनवरी 2025 से इसका सीमित आयात हो रहा है। 

दिलचस्प तथ्य यह है कि नवम्बर 2023 की तुलना में नवम्बर 2024 के दौरान वनस्पति तेल के आयात में 40 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी हुई थी लेकिन उसके बाद प्रत्येक महीने के आयात में गिरावट दर्ज की गई।

अप्रैल का आयात 32 प्रतिशत घट गया। पहली छमाही के कुल आयात में भी 6 प्रतिशत की कमी आई। ज्ञात हो कि अप्रैल 2024 में 13,04,409 टन खाद्य तेलों का आयात किया गया था। 

अप्रैल 2025 के दौरान 3,21,446 टन पाम तेल, 3,60,984 टन सोयाबीन तेल तथा 1,80,128 टन सूरजमुखी तेल के साथ कुल 8,62,558 टन खाद्य तेल मंगाया गया।

इसी तरह नवम्बर 2024 से अप्रैल 2025 की छमाही में जो 65,02,235 टन खाद्य तेल का कुल आयात हुआ उसमें पाम संवर्ग के तेलों की भागीदारी घटकर 27.37 लाख टन रह गई

जबकि सॉफ्ट तेलों की हिस्सेदारी बढ़कर 37.65 लाख टन पर पहुंच गई। सॉफ्ट तेलों के तहत 22,72,404 टन सोयाबीन तेल एवं 14,92,829 टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ।