खाद्य तेलों के लिए स्टैंडर्ड पैक साइज पर एसओपी की मांग

18-Dec-2025 08:07 PM

मुम्बई। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के तमाम अग्रणी संगठनों- कोटा, आइजीसीए, सोपा एवं मोपा आदि के साथ सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमईए) भी खाद्य तेलों एवं वसाओं के लिए स्टैंडर्स मैकेजिंग का नियम प्रचलित करने के लिए सामूहिक रूप से उपभोक्ता मामले विभाग के साथ सम्पर्क में हैं।

अनेक दौर की बातचीत करने के बाद पांचों संगठनों ने सरकार के साथ एक सामान्य (संयुक्त) सिफारिश जमा की है जिसमें मंत्रालय से इस नियम के क्रियान्वयन हेतु एक स्पष्ट "मानक संचालनीय प्रक्रिया" (स्टैण्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर या एसओपी) जारी करने का आग्रह किया है। इसमें प्रमुख खाद्य तेलों के लिए अच्छी तरह परिभाषित शामिल पैक साइज का निर्धारण भी सम्मिलित है। 

इस सिफारिश में खाद्य तेल की निश्चित मात्रा की पैकिंग करने का प्रस्ताव रखा गया है और वजन के लिए प्राथमिक घोषणा के तहत मात्रा का उल्लेख करना आवश्यक बनाने के लिए कहा गया है।

खाद्य तेल की पैकिंग पर कोष्ठक में वजन का उल्लेख करने पर विशेष जोर दिया गया है। माइनर या कम प्रचलन वाले तिलहनों एवं तेल धारक जिंसों से निर्मित खाद्य तेलों को इस मानक मैकेजिंग नियम से छूट देने की बात कही गई है

क्योंकि उसकी खपत कम होती है और वे बाजार पर ज्यादा असर नहीं डालते हैं। उद्योग के इस संयुक्त प्रयास से आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी और विनियम में स्पष्टता आने के साथ-साथ कारोबार करने में भी आसानी होगी।