मांग एवं आपूर्ति के बीच संतुलन होने से कनाडा में मसूर का भाव स्थिर
24-Oct-2025 04:35 PM
सस्काटून। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पिछले कुछ सप्ताहों की भांति चालू सप्ताह के दौरान मसूर की कीमतों में अत्यन्त सीमित उतार-चढ़ाव के साथ लगभग स्थिरता बनी हुई है क्योंकि इसकी मांग एवं आपूर्ति के बीच काफी हद तक संतुलन देखा जा रहा है।
कनाडा में मसूर फसल की कटाई-तैयारी पहले ही समाप्त हो चुकी है और उत्पादक नियमित रूप से अपने माल की बिक्री भी कर रहे हैं जिससे खरीदारों की मांग आसानी से पूरी हो रही है।
कहीं-कहीं मसूर की कीमतों में थोड़ा-बहुत सुधार आने पर भी किसान अपने स्टॉक की बिक्री बढ़ा देते है जिससे बाजार पुनः नरम पड़कर पिछले स्तर पर आ जाता है। वैसे भी इस बार मसूर के बाजार को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
कनाडा में मसूर का शानदार उत्पादन हुआ है और ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद है। रूस और अमरीका में भी उत्पादन बेहतर होने की सूचना मिल रही है।
इसके फलस्वरूप अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में प्रतिस्पर्धा काफी सख्त रहेगी। दूसरी ओर आयातक देशों में मांग कमजोर देखी जा रही है।
बिक्री के दबाव से मसूर का दाम पहले ही घटकर काफी नीचे आ चुका है और निकट भविष्य में इसमें ज्यादा तेजी आने की संभावना नहीं है। उत्पादकों को मौजूद मूल्य स्तर पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश होना पड़ रहा है। यदि बिक्री का दबाव बरकरार रहा तो कीमतों में कुछ और नरमी आ सकती है।
पश्चिमी कनाडा में लाल मसूर का भाव 22-23 सेंट प्रति पौंड तथा नम्बर 2 क्वालिटी की मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य 27-28 सेंट प्रति पौंड चल रहा है।
नम्बर 1 अथवा एक्स्ट्रा नम्बर 2 श्रेणी की बड़ी हरी मसूर का भाव कहीं-कहीं 30 सेंट प्रति पौंड पर पहुंचा है मगर यह किसानों का मूल्य है। खरीदार इसके लिए मोल भाव करते रहते हैं। छोटी हरी मसूर का कारोबार 21-22 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर हो रहा है।
