मगज-तरबूज - मंदा नहीं

17-Jun-2024 07:33 PM

नई दिल्ली (भारती एग्री एप्प)। आज भी मगज तरबूज की कीमतें मजबूती के साथ बोली गई। सूत्रों का कहना है कि जैसे-जैसे मगज-आयात की समयावधि समाप्ति की ओर बढ़ रही है वैसे-वैसे ही कीमतों में तेजी आ रही है। उल्लेखनीय है कि आयातक मगज तरबूज का आयात 30 जून तक ही कर पायेंगे।

सरकार ने मगज तरबूज का आयात 1 मई से 30 जून - 2024 तक खोला था। मगर आयात आशानुरूप न होने के कारण विगत एक सप्ताह के दौरान कीमतों में अच्छी तेजी दर्ज की गई है।

एक अनुमान के अनुसार 13 जून को जोधपुर मंडी में 7 स्टार सूडान का भाव 375/380 रुपए एवं 5 स्टार इंडियन का भाव 340 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा था।

जबकि आज 7 स्टार सूडान का भाव 555/560 रुपए एवं 5 स्टार इंडियन का भाव 475 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है। दिल्ली बाजार में भी इसी समयावधि में मगज तरबूज के भाव 115/120 रुपए प्रति किलो बढ़कर 520/525 रुपए के हो गए हैं। सूत्रों का मानना है कि जल्द ही कीमतों में 20/30 रुपए प्रति किलो की ओर तेजी संभव है।