महाराष्ट्र में 15 नवम्बर से खरीफ दलहन-तिलहन की खरीद होगी शुरू

01-Nov-2025 12:54 PM

मुम्बई। महाराष्ट्र सरकार ने खरीफ कालीन दलहन- तिलहन फसलों की खरीद के लिए प्रक्रिया आरंभ कर दी है। सहकारिता तथा विपणन मंत्रालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देश के अंतर्गत महाराष्ट्र सरकार ने किसानों का रजिस्ट्रेशन आरंभ कर दिया है। 

केन्द्र सरकार ने मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान महाराष्ट्र में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 18,50,700 टन सोयाबीन, 3,25,680 टन उड़द तथा 33 हजार टन मूंग की खरीद की मंजूरी दी है। 

विपणन विभाग ने कहा है कि राज्य में दलहन-तिलहन की खरीद के लिए किसानों का रजिस्ट्रेशन 30 अक्टूबर से आरंभ हो चुका है जो 31 दिसम्बर 2025 तक जारी रहेगा।

इसी तरह इन उत्पादों की खरीद प्रक्रिया 15 नवम्बर 2025 से आरंभ होगी और अगले 90 दिनों (तीन माह) तक चलती रहेगी। केवल ऑनलाइन पंजीकृत किसानों से सोयाबीन, मूंग एवं उड़द की खरीद की जाएगी।

महाराष्ट्र में सोयाबीन की फसल को इस बार कुछ नुकसान हुआ है लेकिन फिर भी इसका थोक मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे चल रहा है।

किसान सरकारी खरीद शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उड़द एवं मूंग का दाम भी समर्थन मूल्य से नीचे है। किसानों का रजिस्ट्रेशन शुरू होने से उसकी चिंता एवं परेशानी कुछ कम हुई है।