महाराष्ट्र में इस बार 99.18 लाख टन चीनी का उत्पादन
12-May-2026 01:14 PM
पुणे। महाराष्ट्र के चीनी आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों से ज्ञात होता है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान राज्य में 10.45 करोड़ टन गन्ना की क्रशिंग हुई और 9.49 प्रतिशत की औसत रिकवरी दर के साथ चीनी का कुल उत्पादन बढ़कर 99.18 लाख टन पर पहुंच गया। 2024-25 के सीजन में वहां 853.82 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई जबकि इस बार क्रशिंग की मात्रा 191.76 लाख टन अधिक रही। गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में भी सुधार आया।
महाराष्ट्र में गन्ना की खेती सभी भागों में होती है जिसमें पुणे, सोलापुर एवं कोल्हापुर संभाग मुख्य रूप से शामिल हैं। इस बार कोल्हापुर संभाग में सबसे ज्यादा 23.19 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। यद्यपि पुणे तथा सोलापुर संभाग में गन्ना की सर्वाधिक क्रशिंग हुई मगर वहां चीनी की रिकवरी दर कोल्हापुर संभाग से काफी नीचे रही।
दिलचस्प तथ्य यह है कि 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान महाराष्ट्र में गन्ना की क्रशिंग में लगभग 192 लाख टन तथा चीनी के उत्पादन में करीब 18.25 लाख टन का इजाफा हुआ मगर फिर भी अन्ना क्रशिंग का वास्तविक सीजन महज 105 दिनों में समाप्त हो गया।
इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि वहां चीनी मिलों में गन्ना की दैनिक क्रशिंग की क्षमता काफी बढ़ गई है। अब सरकार गन्ना क्रशिंग के सीजन को 150 दिनों तक बढ़ाने तथा गन्ना की औसत उपज दर एवं पैदावार में भारी बढ़ोत्तरी के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने पर विचार कर रही है।
