महाराष्ट्र में प्रमुख खरीफ फसलों की बिजाई में जबरदस्त बढ़ोत्तरी
11-Jul-2024 03:37 PM
पुणे । देश के पश्चिमी राज्य- महाराष्ट्र में चालू खरीफ सीजन के दौरान सोयाबीन, तुवर, मक्का एवं कपास की बिजाई में जबरदस्त बढ़ोत्तरी देखी जा रही है जबकि यह इन फसलों के अग्रणी उत्पादक राज्यों में शामिल है।
चालू वर्ष के दौरान महाराष्ट्र में 10 जुलाई तक खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 116.38 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 81.94 लाख हेक्टेयर से काफी अधिक है।
राज्य कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार खरीफ फसलों की बिजाई में इस बार मराठवाड़ा संभाग काफी आगे बढ़ गया है।
महाराष्ट्र में चालू वर्ष के लिए खरीफ फसलों का सामान्य औसत क्षेत्रफल 142 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि वास्तविक रकबा इससे ऊपर पहुंच जाने की उम्मीद है।
पुणे संभाग में सर्वाधिक क्षेत्रफल में खरीफ फसलों की बिजाई हुई है जबकि दूसरे नंबर पर छत्रपति संभाजी नगर और तीसरे स्थान पर लातूर डिवीजन है।
कोंकण क्षेत्र में रकबा 23.42 प्रतिशत बढ़कर 97 हजार हेक्टेयर तथा मासिक डिवीजन में 80.30 प्रतिशत उछलकर 16.58 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है।
सामान्य औसत क्षेत्रफल के मुकाबले इस बार खरीफ फसलों का उत्पादन क्षेत्र पुणे संभाग में 101.80 प्रतिशत बढ़कर 10.84 लाख हेक्टेयर,
कोल्हापुर संभाग में 74.05 प्रतिशत बढ़कर 5.39 लाख हेक्टेयर, छत्रपति संभाजी नगर डिवीजन में 93.05 प्रतिशत उछलकर 19.45 लाख हेक्टेयर, लातूर डिवीजन में 92.04 प्रतिशत बढ़कर 25.47 लाख हेक्टेयर,
अमरावती डिवीजन में 87.32 प्रतिशत उछलकर 27.58 लाख हेक्टेयर तथा नागपुर डिवीजन में खरीफ फ़सलों का रकबा 52.76 प्रतिशत बढ़कर 10.10 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है।
मक्का, कपास, सोयाबीन, अन्य तिलहन तथा दलहन फसलों की बिजाई तेजी से बढ़ रही है। मक्का का क्षेत्रफल 101 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 8.96 लाख हेक्टेयर, अरहर का बिजाई क्षेत्र 81 प्रतिशत उछलकर 10.54 लाख
हेक्टेयर, उड़द का रकबा 82 प्रतिशत बढ़कर 3.05 लाख हेक्टेयर, सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र 108 प्रतिशत उछलकर 44.48 लाख हेक्टेयर तथा कपास का रकबा 90 प्रतिशत बढ़कर 37.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है।
