महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी के शानदार उत्पादन का अनुमान

05-Nov-2025 08:29 PM

नई दिल्ली। इंडियन शुगर एन्ड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान चीनी का शुद्ध उत्पादन बढ़कर 309.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो 2024-25 के उत्पादन 261.08 लाख टन से काफी अधिक है।

इस्मा के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान चीनी का उत्पादन महाराष्ट्र में 93.51 लाख टन से 39 प्रतिशत उछलकर 130 लाख टन तथा कर्नाटक में 54.89 लाख टन से 16 प्रतिशत बढ़कर 63.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।

इसी तरह उत्तर प्रदेश में चीनी का उत्पादन 101.01 लाख टन से सुधरकर 103.20 लाख टन पर पहुंच जाने की संभावना है। ज्ञात हो कि इस उत्पादन में एथनॉल निर्माण में उपयोग होने वाली चीनी भी शामिल है जो इस बार 34 लाख टन आंकी गई है। देश के अन्य राज्यों में चीनी का उत्पादन पिछले सीजन के 46.69 लाख टन से सुधरकर इस बार 46.80 लाख टन हो सकता है। 

इस्मा के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना का बिजाई क्षेत्र 2024-25 सीजन के 57.11 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 57.35 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।

इसके तहत खासकर महाराष्ट्र में क्षेत्रफल 13.82 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 14.71 लाख हेक्टेयर तथा कर्नाटक में 6.40 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 6.80 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया लेकिन उत्तर प्रदेश में गन्ना का रकबा 23.30 लाख हेक्टेयर से घटकर 22.57 लाख हेक्टेयर रह गया। 

इस्मा के अनुसार खाद्य उद्देश्य के लिए चीनी के उत्पादन में इस बार 48.50 लाख टन का इजाफा होने का अनुमान है जिससे उद्योग के पास बकाया अधिशेष स्टॉक में भारी वृद्धि हो जाएगी और कुल स्टॉक 74.50 लाख टन तक पहुंच जाएगा।

यदि इसमें से 20 लाख टन का निर्यात हो जाए तब भी चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में उद्योग के पास 54.50 लाख टन चीनी का अधिशेष स्टॉक मौजूद रह सकता है।