मोजाम्बिक एवं मलावी के बीच सीमा व्यापार के लिए समझौता
21-Oct-2024 02:08 PM
लिलोंग्वे । भारत को तुवर की आपूर्ति करने वाले दो महत्वपूर्ण उत्तरी अफ्रीकी देश- मोजाम्बिक और मलावी के बीच सीमा मार्ग से कारोबार की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एक आपसी समझौता हुआ है।
गत 18 अक्टूबर को हुए इस करार के तहत सीमा व्यापार की शर्तों एवं प्रक्रियाओं को सरल तथा आसान बना दिया गया है। इससे दोनों देशों को फायदा होगा और सीमा व्यापार में बढ़ोत्तरी होगी।
जब यह संधि प्रभावी ढंग से लागू होगी तब मोजाम्बिक एवं मलावी को 47 उत्पादों के निर्यात-आयात का अवसर मिल जाएगा जिसमें कृषि जिंसों के साथ निर्मित उत्पाद भी शामिल होंगे। इन उत्पादों को सीमा शुल्क में 1000 डॉलर तक की छूट मिल जाएगी।
इस समझौते को अंतिम रूप देने में लगभग तीन साल का समय लग गया और अनेक दौर की वार्ता के बाद इसका प्रारूप तैयार किया गया। दोनों देशों के विशेषज्ञों द्वारा संधि की शर्तों एवं प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मोजाम्बिक के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री इस करार पर हस्ताक्षर करने के लिए लिलोंग्वे गए थे। उन्होंने इस करार को मलावी के साथ डिप्लोमैटिक तथा कमर्शियल संबंधों को प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बताया।
दरअसल अफ्रीका के देश आपसी संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं। व्यापार मंत्रियों की एस ए डी सी परिषद की 32 वीं बैठक में सभी सदस्य देशों से आग्रह किया गया था कि क्षेत्रिय व्यापार नीतियों को उदार और आसान बनाने का प्रयास करे ताकि किसानों उपभोक्ताओं एवं उद्यमियों -व्यापारियों को राहत मिल सके और सभी देशों की समृद्धि एवं खुशहाली में वृद्धि हो सके। मोजाम्बिक एवं मलावी के बीच करार इसका ही एक भाग है।
