मक्का का वैश्विक उत्पादन गत वर्ष से 97 लाख टन कम होने का अनुमान

11-Nov-2024 03:50 PM

वाशिंगटन । अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की नवीनतम (नवम्बर) रिपोर्ट में मक्का का वैश्विक उत्पादन 2023-24 सीजन के 122.91 करोड़ टन से 97 लाख टन घटकर 2024-25 के सीजन में 121.94 करोड़ टन पर सिमटने का अनुमान लगाया गया है मगर पिछला बकाया स्टॉक 30.46 करोड़ टन से 96.30 लाख टन बढ़कर 31.42 करोड़ टन रहने से इसकी कुल उपलब्धता में सीमित गिरावट आएगी।

वैश्विक स्तर पर मक्का का आयत गत वर्ष के 19.62 करोड़ टन से 128 लाख टन घटकर 18.34 करोड़ टन रह जाने की संभावना है जबकि इसका वैश्विक उपयोग 121.95 करोड़ टन से 100 लाख (1 करोड़) टन उछलकर 122.95 करोड़ टन पर पहुंचने की उम्मीद है।

मक्का का कुल निर्यात 19.57 करोड़ टन से 58.20 लाख टन घटकर 18.92 करोड़ टन पर सिमट सकता है। मक्का का अंतिम बकाया स्टॉक घटकर 30.41 करोड़ टन रह जाएगा। 

उस्डा के अनुसार मक्का का उत्पादन समीक्षाधीन अवधि के दौरान अमरीका में 38.97 करोड़ टन से करीब 50 लाख टन घटकर 38.46 करोड़ टन पर  संभावना है जबकि ब्राजील में 12.20 करोड़ टन से 50 लाख टन बढ़कर 12.70 करोड़ टन पर पहुंच सकता है। अर्जेन्टीना में भी उत्पादन 500 लाख टन से लाख टन बढ़कर 510 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं।

इसी तरह दक्षिण अफ्रीका में उत्पादन 134 लाख टन से 36 लाख टन बढ़कर 170 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है। दुनिया के दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक देश- चीन में मक्का का उत्पादन 20.84 करोड़ टन से 14 लाख टन घटकर 20.70 करोड़ टन रह जाने का अनुमान है।

उल्लेखनीय है कि अमरीका, ब्राजील एवं अर्जेन्टीना दुनिया में मक्का के तीन सबसे प्रमुख निर्यातक देश हैं जबकि चीन इसका महत्वपूर्ण आयातक है। 

इसके अलावा भारत, यूक्रेन एवं रूस सहित कई अन्य देशों में भी मक्का का अच्छा उत्पादन होता है। भारत मक्का के उत्पादन में लगभग आत्मनिर्भर है मगर एथनॉल निर्माण में तेजी से बढ़ती खपत को देखते हुए आगामी समय में विदेशों से इसके विशाल आयात की आवश्यकता पड़ सकती है। वैसे इस बार घरेलू उत्पादन में वृद्धि होने के आसार हैं।