मलेशिया में जनवरी के लिए पाम तेल पर निर्यात शुल्क में कटौती
17-Dec-2025 08:21 PM
कुआलालम्पुर। मलेशिया में जनवरी 2026 के लिए क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का रिफ्रेंस मूल्य घटाया गया है जिससे इसके निर्यात शुल्क में स्वाभाविक रूप से कमी आ जाएगी। दुनिया में पाम तेल के दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- मलेशिया में जनवरी- 2026 के लिए सीपीओ का रिफ्रेंस मूल्य 3946.17 रिंगिट (966.25 डॉलर) प्रति टन आंका गया
वहां निर्यात शुल्क घटाकर 9.5 प्रतिशत नियत किया गया है। इससे पूर्व दिसम्बर 2025 के लिए सीपीओ का रिफ्रेंस मूल्य 4206.38 रिंगिट प्रति टन आंका गया था जिससे निर्यात शुल्क भी 10 प्रतिशत के सर्वोच्च स्तर पर बरकरार रहा था।
प्रचलित नियम के अनुसार मलेशिया में जब सीपीओ का रिफ्रेंस मूल्य 2250 रिंगिट प्रति टन या उससे ऊपर होता है तब उस पर निर्यात शुल्क लागू हो जाता है। इसके तहत 2250 से 2400 रिंगिट प्रति टन के रिफ्रेंस मूल्य पर 3 प्रतिशत टैक्स लगता है।
यह प्राथमिक आधार है और जैसे-जैसे रिफ्रेंस मूल्य बढ़ता जाता है वैसे-वैसे निर्यात शुल्क में भी बढ़ोत्तरी होती रहती है। लेकिन इसकी उच्चतम सीमा भी निर्धारित की गई है जो 10 प्रतिशत है।
जब क्रूड पाम तेल का रिफ्रेंस मूल्य 4000 रिंगिट प्रति टन या उससे ऊपर आंका जाता है तब उस पर 10 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लागू हो जाता है।
चूंकि जनवरी 2026 के लिए यह रिफ्रेंस मूल्य 4000 रिंगिट प्रति टन से नीचे आंका गया है इसलिए इस पर 9.5 प्रतिशत का ही एक्सपोर्ट टैक्स लगेगा।
उससे मलेशियाई निर्यातकों को अपने सीपीओ का निर्यात ऑफर मूल्य कुछ हद तक प्रतिस्पर्धी स्तर पर रखने में सहायता मिलेगी। भारी उत्पादन एवं विशाल स्टॉक के कारण मलेशिया में सीपीओ के बेंचमार्क वायदा मूल्य पर दबाव देखा जा रहा है।
