मलेशिया से जून में पाम तेल का निर्यात 12.8 प्रतिशत घटा
10-Jul-2024 08:36 PM
कुआलालम्पुर । सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के से पता चलता है कि मई की तुलना में जून माह के दौरान मलेशिया से पाम तेल का निर्यात 13.82 लाख टन से 1.77 लाख टन या 12.82 प्रतिशत घटकर 12.05 लाख टन पर अटक गया।
इसके विपरीत पाम कर्नेल तेल का निर्यात 88 हजार टन से सुधरकर 91 हजार टन तथा पाम कर्नेल तेल का 1.47 लाख टन से बढ़कर 2.13 लाख टन पर पहुंच गया।
दूसरी ओर मई के मुकाबले पाम तेल एवं पाम कर्नेल तेल का आयात जून में 58 हजार टन से घटकर 35 हजार टन पर सिमट गया।
मलेशिया में मई माह के दौरान 17.04 लाख टन क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन हुआ था जो जून में 5.23 प्रतिशत घटकर 16.15 लाख टन रह गया।
जून 2024 में प्रायद्वीपीय मलेशिया में 9.53 लाख टन, सप्ताह अंत में 3.27 लाख टन तथा सारावाल प्रान्त में 3.36 लाख टन सीपीओ का उत्पादन आंका गया है।
इसके अलावा 3.68 लाख टन पाम कर्नेल तथा 1.71 लाख टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का भी उत्पादन हुआ। उत्पादन में गिरावट आने के बावजूद मलेशिया में पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़ गया क्योंकि निर्यात में उससे ज्यादा की कमी आई।
एम्पोब के आंकड़ों के अनुसार मई के अंत में मलेशिया में 17.53 लाख टन पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक मौजूद था जो जून की समाप्ति पर 4.35 प्रतिशत बढ़कर 18.29 लाख टन पर पहुंच गया।
हालांकि समीक्षाधीन माह के दौरान सीपीओ का बकाया स्टॉक 9.79 लाख टन से गिरकर 9.25 लाख टन रह गया लेकिन प्रोसेस्ड पाम तेल (रिफाइंड पाम तेल और आरबीडी पामोलीन) का स्टॉक 7.74 लाख टन से बढ़कर 9.04 लाख टन पर पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया के बाद मलेशिया दुनिया में पाम तेल का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश हैं।
