मुनाफा वसूली से पाम तेल का वायदा भाव नरम
25-Dec-2024 11:20 AM
कुआलालम्पुर । क्रिसमस का अवकाश शुरू होने से पूर्व व्यापारियों / निवेशकों की मुनाफा वसूली के कारण मलेशियाई पाम तेल का वायदा मूल्य पिछले दिन घट गया।
बुर्सा मलेशिया डेरिवेटिव्स (बीएमडी) एक्सचेंज, कुआलालम्पुर में मार्च डिलीवरी के लिए क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का बेंचमार्क वायदा मूल्य 28 रिंगिट या 0.62 प्रतिशत घटकर 4514 रिंगिट प्रति टन पर आ गया।
आरंभिक चरण के दौरान कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया मगर मध्याहन अवकाश तक इसमें नरमी का माहौल स्पष्ट हो गया।
इससे पहले 23 दिसम्बर को जब इंडोनेशिया में बी 40 बायोडीजल की घोषणा हुई थी तब बीएमडी एक्सचेंज में पाम तेल का वायदा तेज हो गया था।
इंडोनेशिया सरकार ने कहा था कि अगले साल से बायोडीजल निर्माण में 40 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य मिश्रण का नियम लागू हो सकता है।
लेकिन निवेशकों / सटोरियों को वर्षांत खाता-बही क्लोजर के कारण अब सावधानी बरतनी पड़ रही है। चालू सप्ताह के पहले दिन मार्च अनुबंध में 2.46 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी हो गई थी जबकि पिछले सप्ताह वायदा मूल्य में लगातार छह स्तर के दौरान गिरावट का रूख बरकरार रहा था।
इंडोनेशिया में 1 जनवरी 2025 से बी 40 बायोडीजल प्रोग्राम लागू करने का प्लान बनाया गया है जिससे वहां पाम तेल की घरेलू मांग एवं खपत बढ़ेगी।
चीन के डालियान कॉमोडिटी एक्सचेंज में सर्वाधिक सक्रिय माह के लिए सोया तेल का वायदा अनुबंध 0.87 प्रतिशत तथा पाम तेल का वायदा मूल्य 1.24 प्रतिशत बढ़ गया।
दूसरी ओर शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में सोया तेल के वायदा मूल्य में 1.06 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। मलेशिया में भयंकर बाढ़ के कारण पाम तेल का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है जिससे इसका वायदा भाव आगे मजबूत रह सकता है।
