मसूर का महत्वपूर्ण निर्यातक देश बन गया कजाकिस्तान
27-Jan-2026 01:25 PM
ताशकंद। मध्य एशिया में अवस्थित एवं सोवियत गणराज्य कजाकिस्तान में हाल के वर्षों में मसूर के उत्पादन शानदार बढ़ोत्तरी हुई है जिससे उसे इसका निर्यात बढ़ाने में अच्छी सफलता मिल रही है। तुर्की उसकी मसूर का सबसे बड़ा खरीदार है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जनवरी-नवम्बर 2025 के महीनों के दौरान कजाकिस्तान से 4,25,400 टन मसूर का निर्यात हुआ जो वर्ष 2024 की समान अवधि के शिपमेंट 22,35,100 टन से काफी अधिक था। इसके अलावा वहां से मटर एवं चना का भी निर्यात किया गया इससे दलहनों का कुल निर्यात बढ़कर 5.56 लाख टन के उच्च स्तर पर पहुंच गया।
कजाकिस्तान और रूस के साथ-साथ ऑस्ट्रेलियन से भी मसूर के बढ़ते निर्यात से कनाडा के उत्पादको एवं निर्यातकों की चिंता बढ़ती जा रही है।
तुर्की परम्परागत रूप से कनाडाई मसूर का दूसरा सबसे प्रमुख खरीदार रहा है मगर अब वह कनाडा के बजाए कजाकिस्तान से इसके आयात को प्राथमिकता दे रहा है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान कजाकिस्तान में मसूर का उत्पादन उछलकर 8.42 लाख टन मटर का उत्पादन बढ़कर 2.22 लाख टन तथा चना का उत्पादन सुधरकर 22 हजार टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
इसके साथ ही वर्ष 2025 में कजाकिस्तान संसार के पांच शीर्ष मसूर निर्यातक देशों की सूची में शामिल हो गया जिसमें कनाडा ऑस्ट्रेलिया अमरीका और रूस पहले से ही सम्मिलित थे। हालांकि भारत मसूर का एक अग्रणी उत्पादक देश है मगर वह इस दलहन का निर्यात नहीं बल्कि भारी आयात करता है।
