मध्य प्रदेश में कपास की खरीद के लिए 21 क्रय केन्द्र स्थापित

13-Nov-2024 12:52 PM

इंदौर । केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने मध्य प्रदेश में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर रूई खरीदना आरंभ कर दिया है।

इसके लिए निगम द्वारा पूरे राज्य में 21 क्रय केन्द्र खोले गए हैं जिसमें से 11 केन्द्रों पर खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिछले मार्केटिंग सीजन के दौरान एजेंसी ने मध्य प्रदेश में करीब 6.35 लाख क्विंटल रूई की खरीद की थी। 

सीसीआई के अधिकारियों का कहना है कि पिछले सप्ताह से रूई की खरीद औपचारिक तौर पर शुरू हो गई। 8 से 12 प्रतिशत नमी वाली रूई की खरीद की जा रही है।

अभी रूई में नमी का अंश ऊंचा देखा जा रहा है लेकिन धीरे-धीरे इसके सामान्य स्तर पर आने की उम्मीद है और तब खरीद की गति तेज हो जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए रूई का न्यूनतम समर्थन मूल्य मध्यम रेशेवाली किस्म के लिए 7121 रुपए प्रति क्विंटल तथा लम्बे रेशेवाली श्रेणी के लिए 7521 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है। 

मध्य प्रदेश में भारतीय कपास निगम ने रूई की खरीद के लिए दमोह, खारगौन, बिकनगांव, बड़वाह तथा खंडवा सहित कई अन्य स्थानों पर क्रय केन्द्र स्थापित किए हैं।

राज्य के प्रमुख उत्पादक इलाकों में नई कपास की आवक आरंभ हो चुकी है लेकिन नए माल में नमी का अंश ऊंचा होने के कारण किसानों को अभी बेहतर मूल्य प्राप्त नहीं हो रहा है।

उम्मीद है कि आगामी समय में नमी का अंश घटने पर माल की आवक एवं खरीद की गति तेज हो जाएगी। खारगौन मंडी में रोजाना करीब 12-15 हजार क्विंटल कपास की आवक हो रही है।