मध्य दिसम्बर तक चीनी के उत्पादन में 17.20 लाख टन की वृद्धि

15-Dec-2025 04:13 PM

नई दिल्ली। देश के सभी प्रमुख उत्पादन राज्यों में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन की प्रक्रिया जोर शोर से जारी है। सहकारी चीनी मिलों की शीर्ष संस्था- नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है

कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती ढाई महीनों में यानी 1 अक्टूबर से 15 दिसम्बर 2025 के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उत्पादन बढ़कर 77.90 लाख टन पर पहुंच गया जो पिछले साल (2024) की समान अवधि के उत्पादन 60.70 लाख टन से 17.20 लाख टन या 28.34 प्रतिशत अधिक है। 

फेडरेशन की रिपोर्ट के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में 22.95 लाख टन से बढ़कर 25.05 लाख टन, महाराष्ट्र में 16.80 लाख टन से उछलकर 31.30 लाख टन तथा कर्नाटक में 13.50 लाख टन से सुधरकर 15.50 लाख टन पर पहुंच गया।

इस तरह समीक्षाधीन अवधि में चीनी के कुल घरेलू उत्पादन में उपरोक्त तीन शीर्ष उत्पादक राज्यों की भागीदारी 87.73 प्रतिशत से बढ़कर 92.23 प्रतिशत हो गई। 

फेडरेशन के मुताबिक 1 अक्टूबर से 15 दिसम्बर 2025 के दौरान गुजरात में 1.85 लाख टन, आंध्र प्रदेश में 15 हजार टन, बिहार में 90 हजार टन, हरियाणा में 30 हजार, मध्य प्रदेश में 50 हजार, पंजाब में 20 हजार, तमिलनाडु में 55 हजार टन, तेलंगाना में 50 हजार, उत्तराखंड में 90 हजार तथा देश के अन्य राज्यों में 20 हजार टन चीनी का उत्पादन हुआ।  

राष्ट्रीय स्तर पर मध्य सितम्बर 2025 तक 479 मिलों में कुल 901.27 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई और 8.64 प्रतिशत की औसत रिकवरी दर के साथ 77.90 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ।

इसके मुकाबले वर्ष 2024 की समान अवधि में 473 इकाइयों में 717.52 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई थी और 8.46 प्रतिशत की औसत रिकवरी दर के साथ कुल 60.70 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।