म्यांमार में उड़द का उत्पादन गत वश के लगभग बराबर ही होने का अनुमान
23-Jan-2026 03:12 PM
यांगून। उड़द के सबसे प्रमुख निर्यातक देश - म्यांमार में बिजाई क्षेत्र में कुछ सुधार आने के बावजूद इस महत्वपूर्ण दलहन के सकल उत्पादन में ज्यादा परिवर्तन होने की सम्भावना नहीं है क्योंकि कुछ इलाकों में मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने से फसल की औसत उपज दर प्रभावित होने की आशंका है।
यांगून में बीएसएएफ द्वारा आयोजित साउथ एशिया एग्री फोरम 2026 में पैनलिस्ट द्वारा लगाए गए अनुमान के अनुसार म्यांमार में करीब 1.00-1.50 लाख टन उड़द का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है जबकि चालू वर्ष के दौरान वहां लगभग 8.00-8.50 लाख टन का उत्पादन हो सकता है जो पिछले साल के बराबर ही है। इस तरह उड़द की कुल उपलब्धता 9-10 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। भारत इसका सबसे प्रमुख खरीदार देश बना हुआ है और आगे भी बना रहेगा।
भारत में खरीफ कालीन उड़द की पैदावार कम हुई और रबी सीजन के दौरान भी इसका उत्पादन घटने की सम्भावना है क्योंकि इसके बिजाई क्षेत्र में कमी आ गयी है। भारत में म्यांमार से लगभग 8 लाख टन उड़द का आयात होने का अनुमान है। गत वर्ष वहां से इसकी नियमित आपूर्ति होती रही और इसका औसत मासिक आयात 35 हजार टन के करीब रहा। भारत में उत्पादन 23 लाख टन के आसपास आंका जा रहा है। म्यांमार से उड़द के शुल्क मुक्त आयात की प्रक्रिया आगे भी जारी रह सकती है।
