म्यांमार से अप्रैल में भारत को 97 हजार टन से अधिक उड़द एवं तुवर का निर्यात
06-May-2025 10:49 AM
मांडले। तुवर एवं उड़द के एक महत्वपूर्ण उत्पादक एवं निर्यातक देश- म्यांमार से भारत को इन दोनों दलहनों की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है। म्यांमार की अग्रणी व्यापारिक संस्था- ओवरसीज एग्री ट्रेड एसोसिएशन (ओएटीए) के आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल 2025 के दौरान वहां से भारत को करीब 43 हजार टन तुवर एवं लगभग 55 हजार टन उड़द के साथ कुल 97 हजार टन से ज्यादा दलहन का निर्यात किया गया।
अप्रैल में म्यांमार से पाकिस्तान को 3825 टन, थाईलैंड को 1550 टन तथा मलेशिया को 1531 टन उड़द का शिपमेंट किया गया। जहां तक तुवर का सवाल है तो इसका निर्यात केवल भारत को हुआ।
इसके अलावा म्यांमार से मूंग का भी अच्छा निर्यात हुआ मगर इसे भारत को नहीं भेजा गया क्योंकि भारत में पिछले तीन साल से अधिक समय से मूंग के आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
अप्रैल 2025 के दौरान म्यांमार से चीन को 49,296 टन, इंडोनेसिया को 8731 टन तथा वियतनाम को 6605 टन मूंग का निर्यात किया गया। भारत उड़द एवं तुवर का सबसे प्रमुख आयातक देश बना रहा।
इससे पूर्व म्यांमार से वर्ष 2024 की सम्पूर्ण अवधि (जनवरी-दिसम्बर) के दौरान 9,03,526 टन उड़द एवं 3,13,365 टन तुवर का निर्यात हुआ था।
चालू वर्ष के शुरूआती चार महीनों के दौरान यानी जनवरी से अप्रैल 2025 तक म्यांमार से उड़द का निर्यात बढ़कर 3,23,230 टन पर पहुंच गया जो वर्ष 2024 की समान अवधि के शिपमेंट 3,06,730 टन से अधिक रहा।
हालांकि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान म्यांमार से उड़द का निर्यात जनवरी में 73,801 टन से सुधरकर 80,266 टन, फरवरी में 65,850 टन से बढ़कर 80,784 टन तथा मार्च में 79,587 टन से उछलकर 1,00,755 टन पर पहुंच गया लेकिन अप्रैल में 87,492 टन से घटकर 61,425 टन पर अटक गया।
जहां तक तुवर का सवाल है तो उपरोक्त चार महीनों के दौरान म्यांमार से इसका कुल निर्यात 1,22,268 टन से फिसलकर 1,19,878 टन रह गया।
इसके तहत जनवरी में शिपमेंट 31,029 टन से लुढ़ककर 5606 टन तथा फरवरी में 33,388 टन से गिरकर 29,250 टन रह गया मगर मार्च में 30,056 टन से बढ़कर 42,147 टन तथा अप्रैल में 27,795 टन से उछलकर 42,875 टन पर पहुंच गया।
भारत में 31 मार्च 2026 तक तुवर और उड़द का आयात शुल्क मुक्त है।
