म्यांमार से इस वर्ष 18.90 लाख टन दलहनों के निर्यात का लक्ष्य

17-Jul-2024 01:24 PM

मांडले । म्यांमार सरकार ने 2024-25 के वर्तमान वित्त वर्ष (अप्रैल-मार्च) की पूरी अवधि के लिए देश से 18.90 लाख टन दलहनों के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया है। उसमें से 7 लाख टन से कुछ अधिक दलहनों का निर्यात अप्रैल-जुलाई 2024 में हो चुका है।

म्यांमार वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि 1 अप्रैल से 5 जुलाई 2024 के दौरान देश से कुल मिलाकर 7,06,190 टन दलहनों का निर्यात किया गया जिससे 60.90 करोड़ डॉलर की आमदनी हुई। 

उल्लेखनीय है कि दलहन म्यांमार से चावल के बाद निर्यात होने वाला दूसरा सबसे प्रमुख कृषि उत्पाद है।

वहां उड़द, मूंग एवं तुवर सहित कुछ अन्य दलहनों का उत्पादन होता है और भारत इसका प्रमुख बाजार बना हुआ है। म्यांमार उड़द की लगभग सम्पूर्ण मात्रा एवं तुवर के अधिकांश भाग का निर्यात भारत को करता है जबकि मूंग का निर्यात चीन एवं यूरोपीय देशों में होता है क्योंकि भारत में इसके आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है। 

भारत के विशाल बाजार प्राप्त होने से म्यांमार के उत्पादकों को आकर्षक आमदनी प्राप्त हो रही है और इसलिए वहां दलहनों का उत्पादन  बढ़ता जा रहा है।

भारत के इस पूर्वोत्तर पड़ोसी देश में दलहनों का अच्छा उत्पादन होने से निर्यात कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। अप्रैल से 5 जुलाई 2024 के दौरान म्यांमार से 2.58 लाख टन उड़द, 1.49 लाख टन मूंग तथा 1.11 लाख टन तुवर का निर्यात हुआ जबकि शेष निर्यात अन्य दलहनों का किया गया।

कुल 7.06 लाख टन दलहनों के निर्यात में से करीब 6.82 लाख टन का शिपमेंट समुद्र / मार्ग से तथा शेष 25 हजार टन का निर्यात सड़क सीमा मार्ग से किया गया।