नैफेड के पास करीब 15.93 लाख टन दलहन का स्टॉक मौजूद
24-Jan-2026 04:06 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नैफेड) के पास फिलहाल लगभग 15.93 लाख टन दलहनों का स्टॉक मौजूद है जिसमें घरेलू प्रभाग में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदे गए दलहनों के साथ-साथ आयातित माल का स्टॉक भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि नैफेड देश में मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत किसानों से दलहन, तिलहन एवं कोपरा की खरीद के लिए प्राधिकृत सहकारी एजेंसी है और प्रमुख उत्पादक राज्यों में इसकी सक्रियता बनी रहती है।
आईग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार वर्तमान समय में नैफेड के पास 5.40 लाख टन मूंग, 4.60 लाख टन तुवर, 3.60 लाख टन मसूर, 1.60 लाख टन चना, 36 हजार टन उड़द एवं 37 हजार टन आयातित मसूर के साथ कुल 15.93 लाख टन दलहनों का स्टॉक मौजूद है जो बफर स्टॉक के लिए निर्धारित मात्रा से कम है।
2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में केन्द्रीय पूल के लिए करीब 6.50 लाख टन तुवर की शानदार खरीद हुई थी और 2025-26 के सीजन की फसल की खरीद भी आरंभ हो चुकी है।
नैफेड द्वारा लगभग 50 हजार टन उड़द की खरीद भी की गई। पिछले रबी सीजन में चना की सरकारी खरीद नियत लक्ष्य से काफी पीछे रह गई थी।
इसे देखते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने इस बार विभिन्न उत्पादक राज्यों के लिए चना की खरीद का कोटा नियत करना शुरू कर दिया है। इसके तहत पिछले दिनों कर्नाटक में 1.13 लाख टन चना की खरीद के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। रबी कालीन दलहन फसलों की आवक फरवरी-मार्च से आरंभ होगी।
खरीफ कालीन तुवर की आपूर्ति अभी हो रही है। आगामी समय में दलहनों की सरकारी खरीद इसके घरेलू बाजार मूल्य पर निर्भर करेगी। अधिकांश दलहनों का दाम अभी न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे ही है।
