नैफेड द्वारा अब तक केवल 73 हजार टन दलहन-तिलहन की खरीद
12-Nov-2024 01:07 PM
नई दिल्ली । हालांकि केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के लिए करीब 66.05 लाख टन दलहन-तिलहन की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है लेकिन इसमें से केवल 73 हजार टन की खरीद नैफेड द्वारा की जा सकी है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस सरकारी एजेंसी द्वारा मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत किसानों से 10 नवम्बर 2024 तक 38 हजार टन मूंग तथा 9.25 टन उड़द खरीदा गया।
इसी तरह तिलहन फसलों में 3,3661 टन सोयाबीन एवं 1541 टन सूरजमुखी की खरीद की गई है। दलहन-तिलहन फसलों की सरकारी खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान 2,82,973 टन मूंग की खरीद की स्वीकृति दी है जबकि उड़द के लिए 8,20,310 टन तथा तुवर के लिए 4,91,285 टन की खरीद को मंजूरी दी गई है। तुवर की सरकारी खरीद अभी आरंभ नहीं हुई है।
तिलहन फसलों में 32,23,616 टन सोयाबीन, 17,47,031 टन मूंगफली, 13,210 टन सूरजमुखी तथा 26,123 टन तिल की खरीद की अनुमति दी गई है।
2024-25 सीजन के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 8682 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का 7400 रुपए प्रति क्विंटल, तुवर का 7550 रुपए प्रति क्विंटल, सोयाबीन का 4892 रुपए प्रति क्विंटल, मूंगफली का 6783 रुपए प्रति क्विंटल सूरजमुखी का 7280 रुपए प्रति क्विंटल तथा तिल का समर्थन मूल्य 9267 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
नैफेड द्वारा 10 नवम्बर 2024 तक कर्नाटक में 38,002 टन मूंग की खरीद की गई। जहां तक उड़द की बात है तो केवल राजस्थान में 9.25 टन की खरीद हुई है।
सोयाबीन की खरीद तेलंगाना में 22,931 टन, मध्य प्रदेश में 6499 टन, महाराष्ट्र में 3238 टन, राजस्थान में 837 टन एवं कर्नाटक में 155 टन की हुई। कर्नाटक में 1541 टन सूरजमुखी की खरीद भी होने की सूचना है।
