निर्यात में वृद्धि के बावजूद कनाडा में मसूर का बकाया स्टॉक बढ़ने की संभावना

09-Feb-2026 12:36 PM

वैंकुवर। यद्यपि 2024-25 की तुलना में 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान कनाडा से मसूर का निर्यात 24 प्रतिशत बढ़कर 22.50 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद वहां इस महत्वपूर्ण दलहन का अधिशेष स्टॉक काफी ऊंचा रहने की संभावना है।

2025-26 के सीजन में वहां मसूर के उत्पादन में शानदार बढ़ोत्तरी हुई जबकि कुल पिछला बकाया स्टॉक भी मौजूद था। इससे वहां मसूर की उपलब्धता काफी बढ़ गई। उसके अनुरूप निर्यात में वृद्धि नहीं हो रही है। 

एक अग्रणी विश्लेषक के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान कनाडा में हरी मसूर का उत्पादन भी तेजी से बढ़ा पीछे अत्यन्त ऊंची उपज दर का हाथ बताया जा रहा है। यह उपज दर कहीं-कहीं उछलकर 60 बुशेल प्रति एकड़ तक पहुंच गई।

इसके फलस्वरूप वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान हरी मसूर के उत्पादन में दोगुने से भी ज्यादा का इजाफा हो गया।  

लेकिन लाल मसूर के मामले में ऐसा नहीं देखा गया और इसका उत्पादन वर्ष 2024 के आसपास ही स्थिर रहा। लेकिन कुल मिलाकर शानदार उत्पादन होने तथा वैश्विक निर्यात बाजार में ऑस्ट्रेलिया रूस एवं कजाकिस्तान जैसे आपूर्तिकर्ता देशों की प्रतिस्पर्धा एवं चुनौती बढ़ने से कनाडाई मसूर की कीमतों पर दबाव कायम रहा।

विश्लेषक के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में 17 से 19 लाख टन के बीच मसूर के रिकॉर्ड उत्पादन की सूचना मिल रही है। वहां मुख्यतः लाल मसूर का उत्पादन होता है। वैसे हाल क सप्ताहों के दौरान वहां लाल मसूर की कीमतों में अच्छी तेजी आई है जबकि अक्टूबर में भाव काफी नीचे चल रहा था। 

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में मसूर का भाव कनाडा के सस्कैचवान प्रान्त में प्रचलित मूल्य के मुकाबले करीब 100 अमरीकी डॉलर प्रति टन ऊंचा चल रहा है जो करीब 6 सेंट प्रति पौंड के समतुल्य है।

इससे वैश्विक बाजार में कनाडाई निर्यातकों को बेहतर ढंग से अपनी गतिविधि जारी रखने में सहायता मिल सकती है। कनाडा में लाल मसूर का दाम आगे कुछ सुधरने की उम्मीद है। लेकिन 6 सेंट प्रति पौंड तक की वृद्धि में संदेह है।