नवम्बर का फ्री सेल चीनी कोटा अक्टूबर से 3.50 लाख टन कम
02-Nov-2024 11:33 AM
नई दिल्ली । मुख्य त्योहारी सीजन समाप्त होने के साथ ही सरकार ने घरेलू बाजार में बेचने के लिए चीनी के फ्री सेल कोटे में 3.50 लाख टन की भारी कटौती कर दी है ताकि मिलों पर स्टॉक बिक्री का ज्यादा दबाव न पड़े और चीनी का दाम भी एक उचित स्तर पर बरकरार रहे।
पिछले दिनों केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने नवम्बर के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित किया जबकि अक्टूबर के लिए 25.50 लाख टन का कोटा निर्धारित हुआ था।
दिलचस्प तथ्य यह है कि अक्टूबर की तुलना में नवम्बर के लिए तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों - महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक में चीनी का फ्री सेल कोटा घटाया गया है।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश एवं उत्तराखंड में भी चीनी के फ्री सेल कोटे में कटौती की गई है। पंजाब में कोटा लगभग बराबर रखा गया है जबकि तमिलनाडु में करीब 8 हजार टन बढ़ा दिया गया है। अन्य राज्यों में मामूली घट-बढ़ हुई है।
आमतौर पर भारत में दीपावली तथा छठ के बाद मुख्य त्यौहारी सीजन समाप्त माना जाता है और इसलिए चीनी की मांग तथा खपत सामान्य स्तर पर आ जाती है।
नवम्बर से नया गुड़ भी मार्केट में तेजी से आने लगता है जिससे चीनी पर दबाव घट जाता है। इसे देखते हुए नवम्बर का 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा काफी हद तक संतुलित प्रतीत होता है और इसलिए इसके बाजार भाव में भारी उतार-चढ़ाव आने की संभावना कम है।
नवम्बर से जाड़े का मौसम भी आरंभ हो जाता है जिससे आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्ड आदि के निर्माण हेतु चीनी की औद्योगिक मांग कम होने लगती है।
आगामी दिनों के दौरान चीनी के दाम में भारी गिरावट तो नहीं आएगी मगर जोरदार तेजी का माहौल बनना भी मुश्किल लगता है। बाजार एक निश्चित दायरे में काफी हद तक स्थिर रह सकता है।
