नवम्बर में चीन को ब्राजील से सोयाबीन के निर्यात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी
05-Dec-2025 04:36 PM
साओ पाउलो। अमरीका से जोरदार खरीद शुरू होने से पूर्व चीन के आयातकों द्वारा लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील से विशाल मात्रा में सोयाबीन का आयात किया गया।
कस्टम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि नवम्बर 2025 के दौरान चीन में ब्राजील से सोयाबीन का आयात उछलकर 42 लाख टन पर पहुंच गया जो नवम्बर 2024 के आयात से 64 प्रतिशत अधिक रहा। ब्राजील संसार में सोयाबीन का सबसे बढ़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है।
वहां से करीब 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात अकेले चीन को किया जाता है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम होने तथा कीमत प्रतिस्पर्धी स्तर पर रहने से ब्राजील को सोयाबीन का निर्यात बढ़ाने में शानदार सफलता हासिल हुई। अब चीन ने अमरीका से भी सोयाबीन खरीदना शुरू कर दिया है लेकिन अभी कम मात्रा में अनुबंध हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आमतौर पर वर्ष के अंतिम महीनों में ब्राजील से सोयाबीन का कम निर्यात होता है क्योंकि वहां इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता का ऑफ सीजन रहता है।
नई फसल की आवक ज्यादा दूर नहीं रहती है। जनवरी-फरवरी में वहां सोयाबीन की नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो जाती है।
वर्ष 2025 के दौरान ब्राजील सोयाबीन का उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जिससे वहां अब भी इसकी अच्छी आपूर्ति हो रही है। चीन पिछले अनेक वर्षों से ब्राजील के सोयाबीन का सबसे प्रमुख खरीदार बना हुआ है।
एक निर्यातक संगठन का कहना है कि दिसम्बर में भी ब्राजील से भारी मात्रा में सोयाबीन का शिपमेंट हो सकता है। दिसम्बर 2024 के मुकाबले दिसम्बर 2025 में इसका कुल निर्यात 90 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी के साथ 28 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
इसके साथ ही वर्ष 2025 की सम्पूर्ण अवधि (जनवरी-दिसम्बर) के दौरान ब्राजील से सोयाबीन का सकल निर्यात उछलकर 11 करोड़ टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है जो वर्ष 2024 के कुल शिपमेंट 9.73 करोड़ टन से काफी अधिक है।
