News Capsule/न्यूज कैप्सूल: एमपी सरकार का बड़ा ऐलान: गेहूं की खरीद में MSP से 115 रुपये अधिक, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

24-Oct-2025 01:50 PM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: एमपी सरकार का बड़ा ऐलान: गेहूं की खरीद में MSP से 115 रुपये अधिक, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
★ सरकार इस बार गेहूं की खरीद मूल्य (MSP) 2,585 रुपये प्रति क्विंटल रहने के बावजूद किसानों को 2,700 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदने की संभावना जता रही है। यानी किसानों को MSP से 115 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस मिलेगा।
★ पिछले साल भी मध्य प्रदेश सरकार ने गेहूं की खरीद में किसानों को MSP से अधिक भुगतान किया था। उस समय MSP 2,425 रुपये था, जबकि राज्य सरकार ने 2,600 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीद की थी, यानी किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त लाभ मिला। इसी तरह राजस्थान में पिछले साल गेहूं की खरीद 2,575 रुपये प्रति क्विंटल पर हुई थी, जो MSP से 150 रुपये अधिक थी।
★ पिछले साल बोनस की घोषणा के कारण मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद 77.71 लाख टन (लक्ष्य 80 लाख टन) रही, राजस्थान में खरीद 21.36 लाख टन (लक्ष्य 20 लाख टन) रही। 
★ वहीं, देश के सबसे बड़े गेहूं उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में MSP के तहत खरीद सिर्फ 10.27 लाख टन रही, जबकि लक्ष्य 30 लाख टन था। इसका मतलब है कि यूपी में स्थानीय और निजी खरीद अधिक हुई, क्योंकि वहां के दाम मध्य प्रदेश और राजस्थान की तुलना में कम थे।
★ इस साल भी मध्य प्रदेश सरकार द्वारा बोनस की घोषणा से राज्य में गेहूं की खरीद में वृद्धि हो सकती है। पिछले साल की तरह इस बार भी यूपी के गेहूं की मांग बढ़ने की संभावना है, क्योंकि मध्य प्रदेश में बोनस के कारण वहां के दाम ज्यादा होंगे।
★ रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवनीत चितलांगिया ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह किसानों के लिए फायदे का कदम है और इससे किसानों को प्रोत्साहन मिलता है लेकिन उद्योग को देखते हुए उन्होंने कहा  कि सरकार खरीद का जो भी भाव तय करे वह सभी राज्यों के लिए समान होने चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि बाजार में गेहूं की पर्याप्त उपलब्धता है और कोई कमी नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थिति का मूल्यांकन करने के बाद सरकार भविष्य में गेहूं और गेहूं उत्पादों के निर्यात पर भी विचार कर सकती है।