News Capsule/न्यूज कैप्सूल: NFCSF ने 15 LMT चीनी निर्यात अनुमति का स्वागत किया, लेकिन नकदी संकट पर जताई चिंता
15-Dec-2025 12:22 PM
News Capsule/न्यूज कैप्सूल: NFCSF ने 15 LMT चीनी निर्यात अनुमति का स्वागत किया, लेकिन नकदी संकट पर जताई चिंता
★ राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल महासंघ (NFCSF) ने 2025–26 चीनी सीजन के लिए 15 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति देने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। महासंघ के अनुसार, 2025–26 का चीनी सीजन मजबूत शुरुआत के साथ आगे बढ़ रहा है। 15 दिसंबर 2025 तक देश की 479 चीनी मिलों ने 77.90 LMT चीनी का उत्पादन किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 473 मिलों ने 60.70 LMT चीनी का उत्पादन किया था। इस प्रकार उत्पादन में 17.20 LMT यानी 28.34% की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी अवधि में गन्ना पेराई 25.61% बढ़ी है और रिकवरी में भी सुधार देखने को मिला है।
★ राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 120 मिलों ने पेराई शुरू कर 264 LMT गन्ने की पेराई से 25.05 LMT चीनी का उत्पादन किया, जहां औसत रिकवरी 9.50% रही। महाराष्ट्र में 190 मिलों ने 379 LMT गन्ने की पेराई कर 31.30 LMT चीनी का उत्पादन किया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग दोगुना है। कर्नाटक में 76 मिलों ने 15.50 LMT चीनी का उत्पादन किया, जबकि अन्य राज्यों ने मिलकर 6.05 LMT चीनी का उत्पादन दर्ज किया।
★ महासंघ ने सरकार से सक्रिय और दूरदर्शी नीति अपनाने की मांग करते हुए चीनी का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाकर ₹41 प्रति किलो करने, एथेनॉल की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी करने और अतिरिक्त 5 LMT चीनी को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने का आग्रह किया है।
