ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी भाग में ट्रकों की भारी कमी से चना का परिवहन प्रभावित

14-Nov-2024 08:30 PM

मोरी (भारती एग्री एप्प)। ऑस्ट्रलिया में चालू वर्ष के दौरान देसी चना एवं फाबा बीन्स का शानदार उत्पादन होने के संकेत मिल रहे हैं।

न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के विभिन्न भागों में नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है लेकिन वहां से बंदरगाहों तक माल पहुंचाने में भारी कठिनाई हो रही है क्योंकि समुचित संख्या में ट्रक उपलब्ध नहीं हैं। इसके फलस्वरूप चना के निर्यात शिपमेंट में देर होने या बाधा पड़ने की आशंका बढ़ गई है। 

ट्रकों के अभाव का संकट दूर करने के लिए रेलवे एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। इस सिस्टम के तहत एक ट्रेन ब्रिसबेन तक तथा दो अन्य ट्रेन न्यूलासल टर्मिनल तक जाती है। कुछ इलाकों में बारिश के कारण फसल की कटाई-तैयारी बाधित हो रही है जिससे इसका परिवहन अटक रहा है। 

वर्तमान समय में ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी भाग में चना तथा फाबा बीन्स की कटाई-तैयारी का पीक सीजन चल रहा है जबकि दक्षिणी क्षेत्र में मसूर की फसल की कटाई की गति बढ़ाने का प्रयास तेज हो गया है।

वहां अधिकांश इलाकों में फसल की उपज दर औसत स्तर से नीचे देखी जा रही है। यह कोई अप्रत्याशित घटना नहीं है। दरअसल साउथ ऑस्ट्रेलिया एवं विक्टोरिया प्रान्त में मौसम की अत्यन्त प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए मसूर की उपज दर एवं कुल पैदावार में भारी गिरावट की आशंका पहले से ही व्यक्त की जा रही थी।

मसूर की नई फसल पहले ही वहां कमजोर नजर आ रही थी। समझा जाता है कि दिसम्बर के प्रथम सप्ताह में जब सरकारी एजेंसी- अबारेस द्वारा उत्पादन का नया आंकड़ा जारी किया जाएगा तब उसमें मसूर के उत्पादन अनुमान में काफी कटौती हो सकती है।

अबारेस ने अपनी पिछली रिपोर्ट में 2024-25 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में 16.90 लाख टन मसूर के उत्पादन का अनुमान लगाया था।