ऑस्ट्रेलिया में चना का उत्पादन 15 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान

11-Jul-2024 04:18 PM

ब्रिसबेन । ऑस्ट्रेलिया में चना की बिजाई पूरी हो चुकी है और चालू सीजन के दौरान वहां 2016-17 के बाद इसका सर्वाधिक उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। 2016-17 के सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में चना की बिजाई हुई थी और इसका उत्पादन बढ़कर 20 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।

हालांकि सहकारी एजेंसी- अबारेस ने 2024-25 सिआन में चना का बिजाई क्षेत्र 7.30 लाख हेक्टेयर आंकते हुए इसका कुल उत्पादन 11.50 लाख टन होने का अनुमान लगाया है लेकिन उद्योग-व्यापार समीक्षकों का मानना है कि वास्तविक उत्पादन 15 लाख टन तक पहुंच सकता है जबकि इसका बिजाई क्षेत्र 8 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016-17 के बाद विभिन्न कारणों से ऑस्ट्रेलिया में चना का बिजाई क्षेत्र एवं उत्पादन घटता रहा। इसमें प्रतिकूल मौसम, कमजोर बाजार भाव तथा भारत में ऊंचा आयात शुल्क आदि कारण शामिल थे।

अब भारत के आयात शुल्क को अक्टूबर 2024 तक स्थगित कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया में इस बार मौसम एवं बारिश की स्थिति काफी हद तक अनुकूल बनी हुई है।

ऑस्ट्रेलिया में इस बार मौसम एवं बारिश की स्थिति काफी हद तक अनुकूल बनी हुई है और किसानों को बेहतर आमदनी का भरोसा है। 

लेकिन कुछ क्षेत्रों में चना की फसल को कीड़ों-रोगों से खतरा होने की आशंका भी है। हालांकि क्वींसलैंड प्रान्त के दक्षिणी एवं मध्यवर्ती भाग तथा न्यू साउथ वेल्स राज्य के उत्तरी हिस्से में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद है जिससे चना के बेहतर उत्पादन की उम्मीद की जा रही है

मगर कीड़ों-रोगों के संभावित प्रकोप से फसल को सुरक्षित रखना किसानों के लिए गंभीर चुनौती होगी। बेहतर उत्पादन होने से ऑस्ट्रेलिया को चना का निर्यात बढ़ाने में अच्छी सफलता मिल सकती है।