ऑस्ट्रेलिया में मसूर के नए माल की आवक शुरू- भाव कुछ नरम
24-Oct-2025 11:16 AM
एडिलेड। कनाडा के बाद दुनिया में मसूर के दूसरे सबसे प्रमुख निर्यातक देश- ऑस्ट्रेलिया में नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है और आगामी समय में इसकी रफ्तार नियमित रूप से बढ़ती जाएगी।
नए माल के आने तथा निर्यात मांग कमजोर रहने से मसूर का भाव गत माह के मुकाबले 10 डॉलर नरम पड़कर विक्टोरिया प्रान्त के बंदरगाह तक डिलीवरी के लिए 585 डॉलर प्रति टन तथा साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में 600 डॉलर प्रति टन पर आ गया है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त के उत्पादकों द्वारा मसूर के कुछ अग्रिम सौदे किए जा रहे हैं लेकिन विक्टोरिया के किसान इसमें कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। उसकी नजर हाजिर कारोबार पर केन्द्रित है।
वहां किसान खेतों पर ही अपने उत्पाद का भंडारण करने में व्यस्त हैं। पिछले साल विक्टोरिया के उत्पादकों के लिए मसूर एक महत्वपूर्ण नकदी फसल साबित हुई थी लेकिन इस बार बाजार भाव काफी नीचे रहने से उन्हें निराशा हो रही है। वे कुछ समय तक मसूर का भाव बढ़ने का इंतजार कर सकते हैं।
समीक्षकों के अनुसार इन दोनों प्रांतों में बारिश की हालत अच्छी रहने से मसूर की उपज दर पंचवर्षीय औसत स्तर के आसपास रहने की संभावना है। पिछैती बिजाई वाली फसल को मौजूदा समय में हो रही बारिश से फायदा होने की उम्मीद है।
कुछ महत्वपूर्ण उत्पादक इलाकों में मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी नवम्बर के प्रथम सप्ताह से जोर पकड़ने की संभावना है जबकि साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त के सुदूर उत्तरी भाग में फसल की कटाई पहले ही आरंभ हो चुकी है।
सरकारी एजेंसी- अबारेस ने वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में करीब 17 लाख टन मसूर के उत्पादन का अनुमान लगाया है।
उधर कनाडा में भी इसका विशाल उत्पादन हुआ है इसके फलस्वरूप वैश्विक बाजार में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी रहेगी और अपने स्टॉक का अधिक से अधिक निर्यात सुनिश्चित करने के लिए इन दोनों देशों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। रूस तथा अमरीका के निर्यातक भी सक्रिय रहेंगे।
