ऑस्ट्रेलिया से 2023-24 के सीजन में 7.89 लाख टन चना का निर्यात
12-Nov-2024 12:29 PM
ब्रिसबेन । देसी चना के सबसे प्रमुख निर्यातक देश- ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर से 2024-25 का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हो गया है और वहां नई फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने लगी है।
इस बीच सरकारी एजेंसी- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) ने 2023-24 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान हुए चना के कुल निर्यात का ब्यौरा प्रस्तुत कर दिया है।
ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार 1 अक्टूबर 2023 से 30 सितम्बर 2024 के दौरान देश से कुल मिलाकर 7.89 लाख टन चना का निर्यात हुआ जो 2022-23 सीजन के कुल शिपमेंट 6.76 लाख टन से 17 प्रतिशत अधिक रहा। इस अवधि में बांग्ला देश को सर्वाधिक 3.36 लाख टन पाकिस्तान को 1.67 लाख टन तथा संयुक्त अरब अमीरात को 1.41 लाख टन चना भेजा गया।
जहां तक भारत का सवाल है तो यहां मई 2024 में चना के आयात को शुल्क मुक्त किया गया और उसके बाद से भारतीय आयातकों ने इसकी खरीद में दिलचस्पी दिखानी शुरू की।
एबीएस के आंकड़ों के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर-दिसम्बर 2023 की तिमाही में 2.26 लाख टन, जनवरी-मार्च 2024 की तिमाही में 1.40 लाख टन, अप्रैल-जून की तिमाही में 3.66 लाख टन चना का निर्यात हुआ जबकि जुलाई में 13 हजार टन, अगस्त में 16 हजार टन तथा सितम्बर 2024 में 29 हजार टन का शिपमेंट किया गया।
बांग्ला देश, पाकिस्तान एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) इसके तीन शीर्ष आयातक रहे। इसके अलावा कुछ अन्य देशों ने भी वहां से अच्छी मात्रा में चना मंगाया। इसके तहत भारत में 45,275 टन, कनाडा में 15,518 टन, नेपाल में 36,648 टन तथा ब्रिटेन में 14,497 टन चना का आयात किया गया। शेष देशों में से प्रत्येक में चना का आयात 10 हजार टन से कम रहा।
भारत में ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर-दिसम्बर 2023 में 4611 टन, जनवरी-मार्च 2024 में 3267 टन, अप्रैल-जून में 7878 टन, जुलाई में 8642 टन, अगस्त में 7787 टन तथा सितम्बर 2024 में 13,089 टन चना का आयात हुआ। अब आयात और तेजी से बढ़ सकता है।
