ऑस्ट्रेलिया से भारत को दिसम्बर में 1.59 लाख टन मसूर का निर्यात

11-Feb-2026 12:30 PM

ब्रिसबेन। मसूर के एक अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश- ऑस्ट्रेलिया में 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान शानदार घरेलू उत्पादन होने तथा वैश्विक मांग मजबूत रहने से इस महत्वपूर्ण दलहन का निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है।

सरकारी एजेंसी- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार दिसम्बर 2025 में देश से मसूर का निर्यात तेजी से उछलकर 4.11 लाख टन के करीब पहुंच गया जो नवम्बर में 1.84 लाख टन तथा अक्टूबर में 45 हजार टन दर्ज किया गया था। इस तरह अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर लगभग 6.40 लाख टन मसूर का निर्यात किया गया। 

इस तिमाही के दौरान भारत ऑस्ट्रेलियाई मसूर का सबसे बड़ा खरीदार बना रहा जिसने वहां से कुल 2,56,9470 टन का आयात किया। इसके तहत अक्टूबर में मात्र 3140 टन मसूर मंगाई गई थी जो नवम्बर में उछलकर 97,263 टन तथा दिसम्बर में बढ़कर 1,59,067 टन पर पहुंच गई।

नए माल की जोरदार आवक शुरू होने के बाद ऑस्ट्रेलिया में मसूर की कीमत कुछ नरम पड़ गई जिससे भारतीय आयातकों को खरीद बढ़ाने का प्रोत्साहन मिल गया। नवम्बर-दिसम्बर के दौरान भारत में मसूर की बिजाई चल रही थी। 

इसके अलावा अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही में ऑस्ट्रलिया से बंगाल देश को 2.16 लाख टन, नेपाल को 17 हजार टन, पाकिस्तान को 64 हजार टन मसूर का निर्यात किया गया।