ऑस्ट्रेलिया से सितम्बर में 92 हजार टन मसूर का निर्यात
08-Nov-2024 03:33 PM
ब्रिसबेन। सरकारी संस्था - ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आकड़ों से पता चलता है कि सितम्बर में ऑस्ट्रेलिया से मसूर का निर्यात बढ़कर लगभग 92 हजार टन पर पहुंच गया जो अगस्त के शिपमेंट 65 हजार टन से काफी अधिक रहा। सितम्बर में बांग्लादेश औस्र्तालियाई मसूर का सबसे प्रमुख खरीदार रहा जिसने करीब 36 हजार टन का आयात किया। इसके बाद भारत दूसरे नम्बर पर तथा श्रीलंका तीसरे स्थान पर रहा। सितम्बर से ऑस्ट्रेलिया से भारत को 32,282 टन तथा श्रीलंका 10,148 टन मसूर का निर्यात किया गया।
लेकिन सितम्बर के बेहतर प्रदर्शन के बावजूद 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में सितम्बर 2024 तक ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर करीब 13.86 लाख टन मसूर का निर्यात हो सका जो 2022-23 सीजन की समानअवधि के शिपमेंट से 17 प्रतिशत कम रहा। इसके आधार पर समीक्षकों ने माना है कि 2022-23 की तुलना में 2023-24 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन कम हुआ। इतना ही नहीं बल्कि 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान वहां मसूर के उत्पादन में भारी गिरावट आने की आशंका व्यक्त की जा रही है क्योंकि प्रमुख उताप्दक राज्यों में मौसम की हालत प्रतिकूल रहने से फसल को जबरदस्त क्षति होने के संकेत मिल रहे हैं।
संघीय एजेंसी - अबारेस ने अपनी पिछली रिपोर्ट में 2024-25 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में 16.90 लाख टन मसूर के उत्पादन का अनुमान लगाया था जबकि उद्योग - व्यापार संगठनों का कहना है कि वास्तविक उत्पादन इससे 5-6 लाख टन कम हो सकता है। समीक्षकों के मुताबिक 3 दिसंबर को अबारेस की अगली रिपोर्ट जारी होने वाली है और तभी वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
