पंजाब में गन्ना पर 6850 रुपए प्रति क्विंटल की सब्सिडी
20-Jan-2026 08:58 PM
चंडीगढ़ । पंजाब सरकार ने 2025-26 के मौजूदा क्रशिंग सीजन के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों को 6850 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रत्यक्ष सब्सिडी देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक में इस आशय के एक प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। यह सब्सिडी सीधे गन्ना किसानों को उपलब्ध करवाई जाएगी इसलिए चीनी मिलों पर इसका कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि पंजाब में 2025-26 सीजन के लिए गन्ना का राज्य समर्थित मूल्य (सैप) पहले ही बढ़ाकर 416 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जा चुका है जो देश में सबसे ऊंचा है। अब जो सब्सिडी दी जाएगी वह इस सैप से अलग होगी। प्राइवेट चीनी मिलों की ओर से राज्य सरकार इसका भुगतान करेगी।
ध्यान देने की बात है कि देश के पांच राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा एवं कर्नाटक में गन्ना के लिए सैप की प्रणाली प्रचलित है।
इसके तहत राज्य सरकार अपने स्तर से गन्ना की कीमतों का निर्धारण करती है और राज्य की समस्त चीनी मिलों को उसका भुगतान करना पड़ता है।
गन्ना का यह सैप केन्द्र द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) से काफी ऊंचा होता है। इस अतिरिक्त सब्सिडी से पंजाब के गन्ना उत्पादन किसानों को भारी राहत मिलने की उम्मीद है।
