रबी फसलों का उत्पादन क्षेत्र 677 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंचा
03-Feb-2026 11:29 AM
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर पर बिजाई की प्रक्रिया लगभग समाप्त होने के बाद अब जो आधिकारिक आंकड़ा सामने आया है उससे ज्ञात होता है कि इस रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 676.84 लाख हेक्टेयर के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया
जो पिछले साल के सकल बिजाई क्षेत्र 660.96 लाख हेक्टेयर से 15.88 लाख हेक्टेयर तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 687.81 लाख हेक्टेयर से 39.08 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
इस बार बिजाई की एक खास विशेषता यह है कि फसलों के सभी संवर्ग के रकबे में इजाफा हुआ है। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान 30 जनवरी 2026 तक गेहूं का बिजाई क्षेत्र 328.04 लाख हेक्टेयर से उछलकर 334.17 लाख हेक्टेयर,
धान का उत्पादन क्षेत्र 44.73 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 45 लाख हेक्टेयर, दलहनों का क्षेत्रफल 134.52 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 139.55 लाख हेक्टेयर तथा तिलहन फसलों का रकबा 93.67 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 97.19 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा। मोटे अनाजों का बिजाई क्षेत्र भी 59.99 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 60.93 लाख हेक्टेयर हो गया।
दलहन फसलों में चना एवं मसूर, मोटे अनाजों में मक्का एवं जौ तथा तिलहन फसलों में सरसों एवं मूंगफली के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी हुई है।
अधिकांश रबी फसलों की बिजाई पहले ही पूरी हो चुकी थी इसलिए साप्ताहिक आधार पर उसके रकबे में सुधार आया और वह बढ़कर गत वर्ष से आगे निकल गया।
