रबी फसलों का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 536.76 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

16-Dec-2025 11:59 AM

नई दिल्ली। मौसम की अनुकूल स्थिति का सहारा मिलने से भारतीय किसान इस बार रबी फसलों की खेती में जोरदार उत्साह दिखा रहे हैं जिससे इसके बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार चालू वर्ष के दौरान 12 दिसम्बर तक रबी फसलों के नवीनतम साप्ताहिक क्षेत्र बढ़कर 536.76 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 512.76 लाख हेक्टेयर से 24 लाख हेक्टेयर या 4.5 प्रतिशत अधिक और पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 637.81 लाख हेक्टेयर का लगभग 85 प्रतिशत है। 

रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 258.48 लाख हेक्टेयर से 6.5 प्रतिशत उछलकर इस बार 275.66 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।

इसका सामान्य औसत क्षेत्रफल 312.25 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि वास्तविक रकबा अभी इससे करीब 37 लाख हेक्टेयर पीछे है। इसी तरह रबी कालीन धान का रकबा 10.64 लाख हेक्टेयर से 16 प्रतिशत बढ़कर 12.44 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा हैं। 

जहां तक दलहन फसलों का सवाल है तो इसका कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 115.41 लाख हेक्टेयर से महज 1.5 प्रतिशत सुधरकर इस बार 117.11 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है जिसमें चना का विशेष योगदान है।

अन्य अधिकांश रबी दलहन फसलों की बिजाई गत वर्ष से पीछे चल रही है। सबसे प्रमुख दलहन-चना (काबुली सहित) का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 81.67 लाख हेक्टेयर से करीब 4 प्रतिशत बढ़कर इस बार 84.91 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है मगर अब भी पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 100.99 लाख हेक्टेयर से करीब 16 लाख हेक्टेयर पीछे है।

इसी तरह मसूर का बिजाई क्षेत्र कुछ सुधरकर 14.60 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया लेकिन मटर, कुलथी एवं उड़द का रकबा घट गया।

उड़द का बिजाई क्षेत्र 3.09 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.21 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का क्षेत्रफल 34 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 32 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।