साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
25-Oct-2025 05:51 PM
दीपावली के बाद चीनी का कारोबार सुस्त
नई दिल्ली। 18 से 24 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान त्यौहारी अवकाश होने तथा कारोबार सुस्त रहने से चीनी के बाजार में स्थिरता या नरमी का माहौल देखा गया। 20, 21 एवं 22 अक्टूबर को अवकाश रहा जबकि 19 अक्टूबर को रविवार था।
कारोबारी गतिविधि
इस तरह पूरे सप्ताह में केवल तीन दिन 18, 23 एवं 24 अक्टूबर को कारोबार हो सका और इसकी गति भी अत्यन्त धीमी रही। स्टॉकिस्ट- व्यापारी पहले ही दीपावली की मांग को पूरा करने के लिए चीनी का पर्याप्त स्टॉक जमा कर चुके थे।
मिल डिलीवरी भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी का मिल डिलीवरी मूल्य पंजाब, बिहार एवं गुजरात में पिछले स्तर पर स्थिर रहा जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 रुपए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 रुपए एवं मध्य प्रदेश में 10 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा।
हाजिर भाव
इसी तरह चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली, रायपुर एवं मुम्बई (वाशी) मार्केट में पुराने स्तर पर बरकरार रहा जबकि इंदौर में 10 रुपए नरम पड़कर 4250/4300 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
नाका पोर्ट डिलीवरी
चीनी के नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में भी कोई बदलाव नहीं देखा गया और न ही महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में इसके टेंडर मूल्य में कोई परिवर्तन हुआ। केवल कोलकाता में चीनी हाजिर भाव में 5-10 रुपए प्रति क्विंटल का मामूली सुधार आया।
मांग एवं खपत
अक्टूबर माह के लिए खाद्य मंत्रालय द्वारा 24 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया है जो मांग एवं खपत को पूरा करने के लिए पर्याप्त साबित हो रहा है। हालांकि चीनी का मिल डिलीवरी मूल्य एवं हाजिर बाजार भाव ऊंचे स्तर पर बना हुआ है मगर पीक त्यौहारी सीजन के दौरान कीमतों में उतना उछाल नहीं देखा गया जिसकी उम्मीद की जा रही थी। आगामी समय में इसकी मांग एवं आपूर्ति के बीच काफी हद तक संतुलन बरकरार रहने के आसार हैं। पीक त्यौहारी सीजन अब समाप्त हो चुका है।
कोटा
अगले सप्ताह नवम्बर माह में घरेलू प्रभाग में बिक्री के लिए चीनी का कोटा घोषित होने वाला है। अनेक मिलों में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है या जल्दी ही शुरू होने वाली है। उत्पादन में बढ़ोत्तरी के आसार हैं।
