साप्ताहिक समीक्षा-चीनी

17-Jan-2026 07:52 PM

चीनी के लिए डिलीवरी भाव एवं टेंडर मूल्य में गिरावट जारी 

नई दिल्ली। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में गन्ना की जोरदार क्रशिंग जारी रहने से चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी  हो रही है। जनवरी के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी हुआ है जबकि बाजार में इसके अनुरूप मांग नहीं देखी जा रही है जिससे मिलर्स को दाम घटाकर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
मिल डिलीवरी भाव   
10 से 16 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 रुपए एवं बिहार में 50 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 रुपए, मध्य प्रदेश में 35 रुपए तथा पंजाब में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह गुजरात में भी भाव 20 रुपए नरम रहा। 
हाजिर भाव 
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 50 रुपए घटकर 4350/4400 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। इस बार मकर संक्रांति के अवसर पर भी चीनी में अपेक्षित मांग नहीं देखी गई। वैसे इंदौर में हाजिर भाव 20 रुपए सुधरकर 3970/4030 रुपए प्रति क्विंटल तथा रायपुर में 35 रुपए बढ़कर 3950/4025 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। 
मुम्बई / कोलकाता  
मुम्बई (वाशी) में भी कीमत 25 रुपए के सुधार के साथ 3750/3890 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। वहां चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 3700/3840 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा। कोलकाता में चीनी का दाम 4120/4350 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर देखा गया। 
टेंडर 
लेकिन महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में गिरावट का सिलसिला बरकरार रहा। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान महाराष्ट्र में टेंडर मूल्य 30 रुपए तक घटकर 3550/3720 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 60 रुपए तक गिरकर 3580/3600 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। अब उद्योग का ध्यान लग्नसरा सीजन की मांग पर केन्द्रित हो गया है।