साप्ताहिक समीक्षा - मूंगफली
25-Oct-2025 06:12 PM
लम्बे अवकाश से मूंगफली बाजार में ज्यादा हलचल नहीं
नई दिल्ली । अन्य जिंसों की भांति मूंगफली के बाजार में भी 18-24 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान शांति एवं स्थिरता का माहौल देखा गया। 18-23 अक्टूबर तक गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों की मंडियों में या तो अवकाश रहा या मूंगफली की नगण्य आवक हुई। 24 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के झांसी में 15000 बोरी, महोबा में 6500 बोरी तथा मऊरानीपुर में 4500 बोरी मूंगफली की आवक हुई और इसका भाव 4000 से 5200 रुपए प्रति क्विंटल के बीच रहा।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली के दाने में भी कारोबार सुस्त देखा गया जिससे कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बीकानेर में मूंगफली दाना का भाव 40-50 काउंट का 8500 रुपए प्रति क्विंटल, 50-60 काउंट का 8300 रुपए प्रति क्विंटल तथा 60-70 काउंट का 8000 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
इंडोनेशिया का एक दल जल्दी ही भारत आने वाला है जो निर्यात स्थगन के मुद्दे को सुलझाने का प्रयास करेगा। इंडोनेशिया भारतीय मूंगफली का एक अग्रणी खरीदार देश है मगर वहां एफ्लाटॉक्सिन की उपस्थिति के बहाने इसका आयात सितम्बर के आरंभ में स्थगित कर दिया गया।
मूंगफली तेल
गुजरात एवं महाराष्ट्र में लूज रूप में मूंगफली तेल में ज्यादा कारोबार नहीं हुआ जबकि राजस्थान के बीकानेर एवं टोंक / नेवाई में मांग कमजोर रहने से कीमत 10-10 रुपए तथा चेन्नई (तमिलनाडु) में 20 रुपए प्रति 10 किलो नरम पड़ गया।
ब्रांडेड तेल
कोटा राजस्थान में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 2300 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा। इसी तरह जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल का दाम में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं आया।
मूंगफली ऑयल केक
मूंगफली ऑयल केक एवं डीओसी में भी स्थिरता रही। गुजरात एवं राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में इस बार मूंगफली का उत्पादन बेहतर होने के संकेत मिल रहे हैं। गुजरात में इसकी सरकारी खरीद जल्दी ही शुरू होने वाली है।
