साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

01-Nov-2025 07:59 PM

नए माल की जोरदार आवक जारी- यूपी में भाव तेज  

नई दिल्ली। खरीफ कालीन मूंगफली के नए माल की आवक गुजरात तथा उत्तर प्रदेश (यूपी) सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में तेजी से बढ़ने लगी है और व्यापारी तथा मिलर्स इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी भी दिखा रहे हैं जिससे कीमतों में तेजी या स्थिरता देखी जा रही है। गुजरात में मूंगफली की सरकारी खरीद भी बाजार को समर्थन प्रदान कर सकती है। 
आवक 
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 25-31 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान गुजरात की गोंडल मंडी में मूंगफली की दैनिक आवक बढ़ते हुए 45 हजार बोरी तथा  राजकोट में 25 हजार बोरी पर पहुंच गई। लेकिन सामान्य कारोबार के बीच वहां इसका भाव क्रमश: 4500/6250 रुपए प्रति क्विंटल एवं 4000/6000 रुपए प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर ही बरकरार रहा। 
राजस्थान 
राजस्थान के बीकानेर में भी 5200 रुपए प्रति क्विंटल के मूल्य स्तर में कोई बदलाव नहीं हुआ मगर महाराष्ट्र के सोलापुर में यह 100 रुपए सुधरकर 6400 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की झांसी मंडी में उच्चतम आवक 19,500 बोरी तक पहुंचने के बावजूद अच्छी लिवाली होने से मूंगफली का दाम 200 रुपए बढ़कर 4400/5200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर महोबा में 4500/5200 रुपए प्रति क्विंटल एवं मऊरानीपुर में 4000/5500 रुपए प्रति क्विंटल के पुराने स्तर पर स्थिर रहा। महोबा एवं मऊरानीपुर में मूंगफली की आवक बढ़ने लगी है।
मूंगफली दाना  
इंडोनेशिया में दोबारा निर्यात की प्रक्रिया आरंभ होने की उम्मीद के बावजूद समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान छिलका रहित मूंगफली के दाने में कारोबार सीमित हुआ और कीमतों में स्थिरता या नरमी देखी गई। महाराष्ट्र के नागपुर में 50/60 काउंट वाले दाने का भाव 200 रुपए घटकर 10300 रुपए प्रति क्विंटल रह गया लेकिन 60/70 काउंट का दाम 100 रुपए बढ़कर 9900 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल की डिमांड कम रही जिससे राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में इसका भाव 1375 रुपए प्रति 10 किलो पर स्थिर रहा लेकिन अहमदाबाद में 60 रुपए बढ़कर 1370/1380 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। बीकानेर एवं टोंक / नेवाई में भाव 20-20 रुपए सुधर गया। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल 2300 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल के दाम में प्रति 10 किलो पर 20-25 रुपए तक की तेजी दर्ज की गई।