साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

17-Jan-2026 08:20 PM

व्यापारियों एवं मिलर्स की अच्छी निकासी से मूंगफली का भाव तेज

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में माल की सीमित आवक होने तथा तेल मिलर्स एवं व्यापारियों के साथ-साथ सरकारी एजेंसियों की अच्छी खरीद जारी रहने से 10-16 जानकारी वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली के दाम में अच्छी तेजी दर्ज की गई। सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- गुजरात के राजकोट में इसका भाव 750 रुपए उछलकर 6000/9000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। इसी तरह महाराष्ट्र के सोलापुर तथा उत्तर प्रदेश के महोबा में मूंगफली का दाम 300-300 रुपए की बढ़ोत्तरी के साथ क्रमश: 9000 रुपए प्रति क्विंटल तथा 6000/6600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। झांसी में भी कीमत 100 रुपए तेज रही। 
आवक 
राजकोट मंडी में रोजाना 5-10 हजार बोरी मूंगफली की आपूर्ति हुई जबकि उत्तर प्रदेश की प्रत्येक मंडी में आवक 5 हजार बोरी से कम रही। गुजरात सरकार  ने इस बार राज्य में मूंगफली के रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान व्यक्त किया है लेकिन मंडियों में इसके अनुरूप माल नहीं आ रहा है। इससे कीमतों को अच्छा समर्थन मिल रहा है। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में कारोबार सामान्य देखा गया। इंडोनेशिया द्वारा आयात प्रतिबंध के हटाए जाने के बाद भी भारतीय निर्यातक ज्यादा उत्साहित नहीं हैं और इंडोनेशिया को इसका शिपमेंट करने में कम सक्रियता दिखा रहे हैं। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मूंगफली दाने का भाव सोलापुर में कुछ तेज एवं नागपुर में नरम देखा गया।
मूंगफली तेल  
लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव गुजरात के गोंडल, राजकोट, जूनागढ़ एवं जाम नगर में 1600 रुपए प्रति 10 किलो पर स्थिर रहा मगर अहमदाबाद में 40 रुपए बढ़कर 1600 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। इसके अलावा बीकानेर एवं नेवाई-टोंक में मूंगफली तेल का दाम प्रति 10 किलो पर 40 रुपए तथा चेन्नई में 20 रुपए तेज हो गया। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल 2600 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा लेकिन जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल के दाम में 10-20 रुपए प्रति 10 किलो का इजाफा हो गया। मूंगफली डीओसी में बेहतर कारोबार हुआ जिससे इसकी कीमतों में 1000-2000 रुपए प्रति टन तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मूंगफली का भाव आगे भी मजबूत रहने की संभावना है।