साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली
31-Jan-2026 08:03 PM
मंडियों में अच्छी आवक के बावजूद मूंगफली का भाव तेज
नई दिल्ली। सम्पूर्ण खाद्य तेल- तिलहन बाजार में फिलहाल तेजी- मजबूती का माहौल बना हुआ है। इसके प्रभाव से 24-30 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली के दाम में भी अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। हालांकि गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली की अच्छी आवक हो रही है लेकिन फिर भी कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है।
भाव
मूंगफली का भाव 24-30 जनवरी के सप्ताह के दौरान ऊंचे में राजकोट में 10,000 रुपए प्रति क्विंटल बीकानेर में 6700 रुपए, सोलापुर में 10,500 रुपए, झांसी में 7300 रुपए, महोबा में 7500 रुपए तथा मऊरानीपुर में 7400 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
मूंगफली दाना
बीकानेर में छिलका रहित मूंगफली दाने का दाम 200 रुपए की वृद्धि के साथ 9200-9800 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। इसी तरह सोलापुर एवं नागपुर में भी इसके दाम में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। समझा जाता है कि क्रशर्स-प्रोसेसर्स के साथ-साथ इसमें निर्यातकों की मांग भी मजबूत रही।
कीमतों में तेजी
मूंगफली की कीमतों में आई जोरदार तेजी के कारण मूंगफली तेल का दाम भी उछल गया। गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जाम नगर में लूज मूंगफली तेल का भाव 150 रुपए की जोरदार वृद्धि के साथ 1800 रुपए प्रति 10 किलो हो गया।
मूंगफली तेल
15 किलो वाले तेलिया टीन का मूल्य 190 रुपए बढ़कर 2840 रुपए पर पहुंचा। अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर, नेवाई / टोंक तथा चेन्नई और हैदराबाद में भी मूंगफली तेल का भाव तेज रहा।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल 200 रुपए की वृद्धि के साथ 2800 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) तथा जयपुर में फिल्टर्ड मूंगफली तेल का दाम 150 रुपए तक बढ़कर 2780/3000 रुपए की ऊंचाई पर पहुंच गया। मांग से ज्यादा बजरी प्रभाव के कारण मूंगफली एवं इसके तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
