साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
07-Feb-2026 07:59 PM
ऊंचे दाम पर मांग कमजोर पड़ने से मूंगफली में नरमी
नई दिल्ली। प्रमुख राज्यों की मंडियों में खरीफ कालीन मूंगफली की अच्छी आवक हो रही है। पिछले कुछ दिनों से बेहतर उठाव के कारण इसकी कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ था लेकिन 31 जनवरी-6 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान ऊंचे दाम पर मांग कुछ कमजोर पड़ने से कीमतों में थोड़ी नरमी आ गई।
मूंगफली
गुजरात के गोंडल, महाराष्ट्र के सोलापुर तथा उत्तर प्रदेश के महोबा में मूंगफली का दाम 400-400 रुपए प्रति क्विंटल घट गया मऊरानीपुर में भी 200 रुपए की गिरावट रही लेकिन राजस्थान के बीकानेर में भाव 300 रुपए बढ़कर 7000 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। वहां छिलका सहित मूंगफली के दाने की कीमत भी 200 रुपए सुधर गई। महाराष्ट्र के सोलापुर एवं नागपुर में मिश्रित रुख देखा गया। नागपुर में जबरद्स्त तेजी रही। मूंगफली का निर्यात प्रदर्शन काफी उत्साहवर्धक है और इंडोनेशिया का बाजार भी खुल चुका है।
मूंगफली तेल
लेकिन मूंगफली तेल की कीमतों में तेजी को ब्रेक लग गया। गत सप्ताह गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में मूंगफली तेल का दाम उछलकर 1800 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया था जो समीक्षाधीन सप्ताह में 75 रुपए गिरकर 1725 रुपए पर आ गया। राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीम का दाम भी 60 रुपए फिसलकर 2710 रुपए रह गया। अन्य केन्द्रों में भी इसकी कीमतों में 40-50 रुपए प्रति 10 किलो की नरमी दर्ज की गई।
ब्रांडेड तेल
राजस्थान के कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 50 रुपए की वृद्धि के साथ 2850 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर पहुंचा जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल का दाम 40-50 रुपए प्रति 10 किलो तक नरम पड़ गया।
गुजरात / यूपी
गुजरात एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली की सामान्य आवक हो रही है और कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है मगर आमतौर पर कीमतों में मजबूती की धारणा व्यक्त की जा रही है।
