साप्ताहिक समीक्षा-मटर
07-Feb-2026 08:38 PM
लिवाली शांत पड़ने से मटर की कीमतों में गिरावट
कानपुर। बढ़े हुए भावों पर ग्राहकी का अभाव बने रहने से चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में गिरावट का रुख देखा गया। ऊँचे भावों के चलते खरीदारों की रुचि सीमित रही, जिससे भावों पर दबाव बना रहा।मटर दाल में उठाव कमजोर पड़ने का असर सीधे मटर बाजार पर देखने को मिला। दाल की मांग में सुस्ती के कारण मिलर्स की ओर से मटर में लिवाली शांत रही। मिलर्स केवल आवश्यकता के अनुसार ही खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार को मांग पक्ष से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पा रहा है। जब तक मटर दाल की मांग में सुधार नहीं आता, तब तक मटर की कीमतों में मजबूती की संभावना सीमित बनी रह सकती है। वहीं, मौजूदा स्टॉक को देखते हुए विक्रेताओं की ओर से भी बिकवाली बनी हुई है, जिससे कीमतों पर दबाव और बढ़ गया है।
मध्य जनवरी में चीन द्वारा कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत आयात शुल्क घटाने पर सहमति के बाद कनाडा में मटर के दाम बढ़े थे, लेकिन विशाल भारतीय स्टॉक और कमजोर वैश्विक मांग के कारण बाजार में दोबारा नरमी आ गई और अब कीमतें लगभग स्थिर हो गई हैं। यह शुल्क कटौती मार्च से प्रभावी होगी। सस्कैचवान में पीली मटर का भाव 8.00–8.30 डॉलर, हरी मटर 10.00–10.50 डॉलर और मापले मटर 11.00–13.00 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है। हालिया नरमी के बावजूद दाम जनवरी के शुरुआती सप्ताहों से ऊँचे हैं, जिससे किसानों की बिजाई में बड़ी कटौती की आशंका कम है। भारत में पीली मटर पर 30 प्रतिशत आयात शुल्क यथावत है, जबकि कनाडा में ऊँचा अधिशेष स्टॉक बना रह सकता है।
आयातकों की बिकवाली का दबाव बढ़ने व लिवाली शांत पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहांत में मुंबई कनाडा 40000 रुपए रूस 3900 रुपए व मुद्रा कनाडा 3975 रुपए व रूस 3925 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार कानपुर मटर की कीमतों में इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी देखी गयी और भाव सप्ताहांत में 4350/4375 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। लिवाली सुस्त पड़ने से ललितपुर मटर की कीमतों में भी इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 3800/4300 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार महोबा मटर में भी इस साप्ताह 200 रुपए प्रति क्विंटल का मंदा दर्ज किया गया और इस मंदे के साथ भाव सप्ताहंत में 4000/4300 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। सुस्त मांग के चलते उरई मटर में भी इस साप्ताह 135 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी भाव सप्ताहांत में 3800/3975 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। इसी प्रकार मऊरानीपुर मटर मे भी 200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 3900/4000 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। चौतरफा गिरावट असर व मांग कमजोर पड़ने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में इस साप्ताह 200/250 रुपए प्रति क्विंटल का क्विंटल का मंदा दर्ज किया गया और इस मंदी के साथ भाव सप्ताहांत में बीना 3800/4000 रुपए व दमोह भी 3800/4000 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
मटर दाल
मटर की गिरावट के असर व मांग कमजोर पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4600/4800 रुपए व इंदौर 4800/4900 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।
