साप्ताहिक समीक्षा- सरसों

31-Jan-2026 08:32 PM

खरीदारों की मजबूत मांग से सरसों के दाम में वृद्धि 

नई दिल्ली। तिलहन-तेल बाजार की तेजी के असर तथा व्यापारियों / मिलर्स की अच्छी मांग के कारण 24-30 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान सरसों के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। सरसों की अगैती बिजाई वाली नई फसल की कटाई-तैयारी जल्दी ही शुरू होने वाली है। रबी सीजन की इस सबसे प्रमुख तिलहन फसल के बिजाई क्षेत्र में इजाफा हुआ है और कुल मिलाकर फसल की हालत बेहतर बताई जा रही है। सरकार ने इसके उत्पादन का ऊंचा लक्ष्य निर्धारित किया है। 
42% कंडीशन सरसों   
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 150 रुपए बढ़कर 7150 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 125 रुपए सुधरकर 7450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। सामान्य औसत क्वालिटी की सरसों के दाम में भी गुजरात की मंडियों में 130-150 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही। हरियाणा के सिरसा में भाव 200 रुपए बढ़कर 7100 रुपए प्रति क्विंटल तथा उत्तर प्रदेश के हापुड़ में 50 रुपए सुधरकर 7600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश के आगरा तथा राजस्थान के कोटा में नई सरसों की छिटपुट आवक शुरू हो गई। आगरा मंडी में नई सरसों का भाव 7650 रुपए प्रति क्विंटल तथा पुराने माल का दाम 7650/8000 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। आगामी दिनों में नई सरसों की आवक क्रमिक रूप से बढ़ते जाने की संभावना है लेकिन कीमतों में ज्यादा नरमी आने में संदेह है। 
सरसों तेल 
सरसों तेल एक्सपेलर तथा कच्ची घानी की कीमतों में भी 1 से 4 रुपए प्रति किलो तक की तेजी रही। दिल्ली में एक्सपेलर का दाम 25 रुपए की वृद्धि के साथ क1485 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। बीकानेर, कोटा, गंगानगर, जयपुर, अलवर एवं कोलकाता सहित कई अन्य केन्द्रों में भी सरसों तेल का भाव ऊंचा रहा लेकिन मुरैना में 10 रुपए प्रति 10 किलो नरम रहा। आगरा में भी कच्ची घानी सरसों तेल के दाम में 10 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट रही।
सरसों खल (डीओसी) 
ऊंचे दाम पर मांग कमजोर पड़ने से सरसों खल की कीमतों में कहीं-कहीं 10-20 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई जबकि सरसों डीओसी का भाव मजबूत रहा।