साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

01-Nov-2025 07:51 PM

सरकारी खरीद शुरू होने की उम्मीद से महाराष्ट्र में सोयाबीन का भाव तेज 

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने महराष्ट्र में करीब 18.51 लाख टन सोयाबीन की खरीद करने की अनुमति दी है और वहां 30 अक्टूबर से किसानों का ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन भी आरंभ हो चुका है। 
सरकारी खरीद 
15 नवम्बर से 5328 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर राज्य में किसानों से सोयाबीन की विधिवत खरीद शुरू हो जाएगी। जो अगले तीन महीनों तक बरकरार रहेगी। किसानों को अपने सोयाबीन की बिक्री के लिए 31 दिसम्बर 2025 तक रजिस्ट्रेशन करवाने का समय दिया गया है। इस घोषणा के बाद महाराष्ट्र में सोयाबीन का भाव तेज हो गया। 
भावान्तर योजना 
उधर मध्य प्रदेश में भावान्तर भुगतान योजना लागू की गई है जिसके प्रति किसान एवं व्यापारी ज्यादा उत्साहित नहीं हैं। इसके फलस्वरूप सोयाबीन के दाम में कुछ नरमी दर्ज की गई। राजस्थान में सोयाबीन की सरकारी खरीद के बारे में जल्दी ही निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। 
प्लांट भाव 
25-31 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में मध्य प्रदेश में 75 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट आई जबकि महाराष्ट्र में 180 रुपए एवं राजस्थान में 75 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। महाराष्ट्र में सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य बढ़कर 4700 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।
सोया तेल (रिफाइंड)  
लेकिन सोया रिफाइंड तेल की कीमतों पर दबाव बरकरार रहा। मध्य प्रदेश में इसके दाम में 15 से 25 रुपए प्रति 10 किलो तथा महाराष्ट्र में 10-15 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट आई। सोया तेल का भाव कोटा में 15 रुपए गिरकर 1270 रुपए प्रति 10 किलो, मुम्बई में 20 रुपए घटकर 1250 रुपए, बांग्ला में 5 रुपए फिसलकर 1240 रुपए तथा हल्दिया में 15 रुपए गिरकर 1240 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार भी कुछ नरम रहा। 
आवक 
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 28 अक्टूबर को 7.40 लाख बोरी, 29 अक्टूबर को 8.40 लाख बोरी तथा 30 अक्टूबर को 7.60 लाख बोरी सोयाबीन की आवक हुई। सोयाबीन की प्रत्येक बोरी 100 किलो या 1 क्विंटल की होती है। मध्य प्रदेश की मंडियों में रोजाना 4-5 लाख बोरी सोयाबीन की आपूर्ति हो रह है जबकि महाराष्ट्र में 2.25-2.50 लाख बोरी की दैनिक आवक हो रही है। अब राजस्थान सहित अन्य प्रांतों में भी आवक बढ़ने लगी है।